चंडीगढ़ से भागे लूटेरों का पलवल में एनकाउंटर:पुलिस ने 20KM तक दौड़ाया, 2 को गोली लगी; कारोबारी से गनपॉइंट पर कार लूटी थी
Punjab News Live -PNL
October 10, 2026
अमृतसर, ताजा खबर, पंजाब
चंडीगढ़ , (PNL) : चंडीगढ़ के सेक्टर-46 में पुलिस बीट बॉक्स के सामने दुकानदार से गन पॉइंट पर स्विफ्ट डिजायर कार लूटकर भागे चार बदमाशों की हरियाणा के पलवल में पुलिस से मुठभेड़ हो गई। CIA को सूचना मिली थी कि कुछ शूटर कार में भाग रहे हैं, इसके बाद पुलिस ने पलवल से उनका पीछा किया।
KMP एक्सप्रेसवे पर करीब 15 किलोमीटर दूर छपरौला गांव में लुटेरों ने अपनी कार जंगल की ओर मोड़ दी, जिसके बाद करीब 5 किलोमीटर दूर खेतों में पुलिस ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी।
पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि उनके दो अन्य साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, चारों आरोपी पंजाब के पटियाला जिले के बरवाला क्षेत्र के रहने वाले हैं।
चंडीगढ़ में गुरुवार रात करीब 11:15 बजे हथियारबंद बदमाशों ने दुकानदार मोहन से कार लूटी थी। इसके बाद शुक्रवार देर रात कार जीरकपुर से बरामद हुई थी। अब पलवल में मुठभेड़ के बाद चारों आरोपियों को पकड़ लिया गया है।
गोली लगने के बाद अस्पताल में दाखिल आरोपी।
KMP एक्सप्रेसवे पर संदिग्ध कार की मिली थी सूचना
पलवल पुलिस के अनुसार, कंट्रोल रूम से केएमपी एक्सप्रेसवे रोड पर एक संदिग्ध स्विफ्ट कार के घूमने की सूचना मिली थी। कार सवार आरोपी केएमपी से उतरकर नेशनल हाईवे-19 पर मथुरा से दिल्ली की तरफ जा रहे थे। क्राइम ब्रांच पलवल की टीम ने कार का पीछा किया।
पुलिस को पीछा करते देख आरोपियों ने गाड़ी गदपुरी थाना क्षेत्र के पृथला गांव के पास छपरौला के जंगलों की तरफ मोड़ दी। पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरता देख आरोपियों ने जंगल में छिपकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई। इसमें दो बदमाशों के पैर में गोली लगी। पुलिस ने घायल आरोपियों समेत चारों को मौके पर काबू कर लिया।
पंजाब के बरवाला के रहने वाले चारों आरोपी
घायल आरोपियों की पहचान पटियाला के बरवाला क्षेत्र के हाथी नगला निवासी लकी और मूल रूप से नेपाल के नौरंगढ़ निवासी रोशन आचार्य के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों फिलहाल बरवाला में रह रहे थे। उनके खिलाफ पंजाब में एनडीपीएस और मारपीट के करीब छह मामले दर्ज हैं।
मौके से पकड़े गए अन्य दो आरोपियों की पहचान बरवाला निवासी सन्नी और खुशप्रीत के रूप में हुई है। घायल बदमाशों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल पलवल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है और उनके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।
पुलिस ने जीरकपुर से बारमद की कार।
सेक्टर-46 में बीट बॉक्स के सामने हुई थी वारदात
बुड़ैल निवासी मोहन सेक्टर-46 में पुलिस बीट बॉक्स के ठीक सामने अंडे, ब्रेड और दूध की दुकान चलाते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया था कि गुरवार रात करीब 11:15 बजे वह अपनी स्विफ्ट डिजायर कार में सामान रख रहे थे। इसी दौरान दो युवक आए। एक ने पिस्टल दिखाकर उन्हें डराया, जबकि दूसरा ड्राइविंग सीट पर बैठ गया। मोहन कुछ समझ पाते, उससे पहले ही दोनों कार लेकर फरार हो गए।
मोहन ने हिम्मत दिखाते हुए बदमाशों का पीछा भी किया, लेकिन अंधेरा होने के कारण वे भागने में कामयाब रहे। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि वारदात के समय बीट बॉक्स पर कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था और वहां ताला लगा हुआ था।