‘भाभी चुम्मेवाली’ के पति-बेटी की पिटाई का मामला:लुधियाना में लड़की ने चाचा-चाची और चचेरे भाई पर कराई FIR, बोलीं-मुझे थप्पड़ मारे, बाल खीचें
Punjab News Live -PNL
October 31, 2026
ताजा खबर, पंजाब, लुधियाना
लुधियाना , (PNL) : लुधियाना की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर रंजीत कौर उर्फ भाभी चुम्मेवाली के पति और बेटी की पिटाई के मामले में थाना मोती नगर की पुलिस ने 3 लोगों पर FIR दर्ज की है।रंजीत कौर की बेटी की शिकायत पर पुलिस ने उसके चाचा-चाची और चचेरे भाई पर मामला दर्ज किया है। रंजीत कौर का आरोप है कि उन्हें गली में दौड़ाया गया। उनके कपड़े तक फाड़ दिए गए। इसका CCTV फुटेज भी उनके पास है।
पुलिस को दी शिकायत में शिवानी हंस निवासी मकान नंबर 228, वार्ड नंबर 16, नूरी के नजदीक ने बताया कि 27 अक्टूबर 2026 को वह अपने घर पर मौजूद थी।इस दौरान उसके चाचा सुरिंदर पाल सिंह ने उसके साथ गलत शब्दों का इस्तेमाल करना शुरू कर दिया। जब उसने चाचा को ऐसा करने से रोका तो आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौज की और मुंह पर थप्पड़ मार दिया।
भाभी रंजीत कौर, उसका पति जिंदा हंस और उनकी बेटी शिवानी हंस रिश्तेदारों के खिलाफ रोष व्यक्त करती।
शिकायतकर्ता के अनुसार, इसके बाद उसके चचेरे भाई मनीष हंस ने उसके बाल खींचे। आरोप है कि चाचा ने उसकी मां रणजीत कौर के साथ भी गाली-गलौज और मारपीट की तथा उनके बाल खींचे।इसी दौरान उसकी चाची करमजीत कौर भी वहां आ गई। आरोप है कि चाची ने उसे धक्का मार दिया, जिससे वह जमीन पर गिर गई। इसके बाद चाची और चचेरे भाई ने उसे जमीन पर गिराकर लात-घूंसे मारने शुरू कर दिए।शिवानी ने बताया कि जब उसके पिता जतिंदर पाल सिंह मौके पर पहुंचे तो चाचा ने उनके साथ भी गाली-गलौज और मारपीट की तथा जान से मारने की धमकियां दीं।
तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज थाना मोती नगर पुलिस ने शिकायत के आधार पर सुरिंदर पाल सिंह, मनीष हंस और करमजीत कौर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 126(2), 351(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कपड़े फाड़े, गली में दौड़ाया: रंजीत ने बताया कि देवर सुरिंदरपाल, उसकी पत्नी करमजीत कौर और बेटों मुनीष हंस व गगन हंस ने बिना किसी वजह झगड़ा शुरू किया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट पर उतर आए। इस दौरान पति के कपड़े फाड़े गए। उन्हें गली में दौड़ाया गया और बेरहमी से पीटा गया।घर से बाहर निकाला, धमकी दी: मारपीट के बाद आरोपियों ने घर को अंदर से लॉक कर लिया और उन्हें उनके ही घर से बेघर कर दिया। इसके अलावा उन्हें घर खाली न करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।नशे में करते हैं झगड़ा: रंजीत की बेटी शिवानी हंस ने कहा कि ये लोग अकसर नशे में आकर घर में डर का माहौल बनाते हैं और झगड़ा करते हैं।
वहीं, रंजीत के देवर सुरिंदरपाल ने कहा कि उन्होंने भी थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। रंजीत घर में बने छोटे से मंदिर में हर समय धूप-अगरबत्ती जलाए रखती है। कई बार रंजीत को सुबह-शाम ही धूप-अगरबत्ती जलाने के लिए कहा। लेकिन वह मानी नहीं। इसी बात को लेकर विवाद हुआ।