जालंधर के करतारपुर में नशा तस्करों का तांडव:कारपेंटर से 15 हजार लूटे, पुलिस शिकायत पर घर पर बरसाए पत्थर, चाचा की तोड़ी बांह
Punjab News Live -PNL
October 31, 2026
जालंधर, ताजा खबर, पंजाब
जालंधर , (PNL) : जालंधर के करतारपुर में नशा तस्करों युवकों ने कारपेंटर (बढ़ई) युवक को घेरकर लूटपाट की और विरोध करने तथा पुलिस शिकायत दर्ज कराने पर पीड़िता के घर पर हमला बोल दिया। नशा तस्करों ने 40-50 से ज्यादा युवकों को इकट्ठा कर पीड़ित के घर पर जमकर ईंट-पत्थर और कृपाणों से हमला किया, जिससे घर की छत तक गिर गई। पुलिस की ढिलाई के कारण बेखौफ बदमाशों ने बाद में पीड़ित के चाचा का अपहरण कर उनके साथ बर्बरतापूर्वक मारपीट की। इस हमले में चाचा की एक आंख की रोशनी पर गंभीर असर पड़ा है और बांह टूट गई है, लेकिन पुलिस अब तक मूकदर्शक बनी हुई है।
पीड़ित युवक परवीन ने बताया कि वह पेशे से कारपेंटर है और 16 तारीख को दोपहर 3:30 बजे अपने चाचा के साथ प्लाइवुड खरीदने जा रहा था। जब वे करतारपुर बस स्टैंड पहुंचे, तो वहां उनके ही मोहल्ले के रहने वाले नशा करने वाले युवक अखिल, हरपाल, राजेश और उनके साथियों ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया।
आरोपियों ने युवक से जबरन पैसों की मांग की। जब उसने मना किया तो बदमाशों ने उसके साथ मारपीट करते हुए थप्पड़ जड़े और जेब में रखे 15,000 रुपये व गले की सोने की चैन छीन ली। घटना के तुरंत बाद पीड़ित अपने परिवार के साथ थाने शिकायत दर्ज कराने पहुंचा, जहां पुलिस ने कोई त्वरित कार्रवाई करने के बजाय केवल लिखित आवेदन देकर जाने को कह दिया।
पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज होने की भनक लगते ही आरोपियों का मुख्य सरगना ‘गोला’ सक्रिय हो गया। उसने अपने मोहल्ले में फोन करके दर्जनों लड़कों को बुला लिया। महज आधे घंटे के भीतर 40 से 50 हथियारबंद युवकों ने पीड़ित के घर पर धावा बोल दिया।बदमाशों ने घर पर अंधाधुंध ईंटें और कृपाणें चलानी शुरू कर दीं। जब पीड़ित की पत्नी और चाचा ने दरवाजा बंद करने की कोशिश की, तो एक ईंट उसकी पत्नी को लगी। घर पर इतने पत्थर बरसाए गए कि मकान की छत तक नीचे आ गिरी। पूरी घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसकी फुटेज भी पुलिस को सौंपी जा चुकी है।
हैरानी की बात यह है कि पुलिस ने मौके से एक आरोपी को पकड़ा तो सही, लेकिन थाने ले जाकर उसे बिना किसी कार्रवाई के छोड़ दिया। पीड़ित परिवार लगातार इंसाफ के लिए पुलिस के चक्कर काटता रहा, लेकिन अधिकारी सिर्फ मामले को टालते रहे और उन्हें सुरक्षा का झूठा आश्वासन देकर वापस भेजते रहे।
पुलिस की इस ढिलाई का फायदा उठाते हुए 29 तारीख को बदमाशों ने दोबारा हमला कर दिया। बदमाशों ने पीड़ित के चाचा को डीएवी स्कूल के पास से जबरन एक्टिवा पर बिठाया और मंडी इलाके में ले जाकर उनकी बेरहमी से पिटाई की।इस जानलेवा हमले में चाचा जसवींदर की बांह टूट गई और एक आंख में गंभीर चोट आने के कारण दिखना बंद हो गया है। गंभीर हालत के बावजूद उन्हें पहले करतारपुर अस्पताल में बैठाए रखा गया और बाद में जालंधर के बड़े अस्पताल में रेफर किया गया।
पीड़ित परिवार का कहना है कि उनकी किसी से कोई पुरानी रंजिश नहीं थी; नशा करने के लिए पैसे न देने और पुलिस में शिकायत करने का बदला लेने के लिए ही यह पूरी वारदात अंजाम दी गई है। 16 तारीख से लेकर अब तक पुलिस ने कोई सख्त एफआईआर दर्ज नहीं की है। पीड़ित परिवार ने एसएसपी जालंधर और उच्च अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त सजा की मांग की है।