अमृतसर में कांग्रेसी नेता एवं इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के पूर्व चेयरमैन दिनेश बस्सी की गिरफ्तारी को लेकर थाने में बड़ा हंगामा, हुई धक्का-मुक्की, पढ़ें
Punjab News Live -PNL
October 5, 2026
अमृतसर, ताजा खबर, पंजाब, होम
न्यूज डेस्क, (PNL) : अमृतसर में कांग्रेस नेता और इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के पूर्व चेयरमैन दिनेश बस्सी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। थाना सिविल लाइन ने फ्रॉड के मामले में ये कार्रवाई की। यह केस बस्सी के बेटे वंश बस्सी और उसके दोस्त अमित बजाज के खिलाफ दर्ज है।
बस्सी की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस के पार्षदों ने थाने के बाहर धरना दिया। इस दौरान पार्षद थाने के अंदर जाने की कोशिश करने लगे। इस पर पुलिस कर्मचारियों ने उन्हें खींचकर थाने से बाहर निकाल दिया। कांग्रेस सांसद गुरजीत सिंह औजला भी धरने में पहुंचे। हंगामे के बीच थाने का दरवाजा भी बंद कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, दिनेश बस्सी को थाना सिविल लाइन में दर्ज मुकदमे के तहत गिरफ्तार किया गया है। यह मामला BNS की धारा 318(4) और 61(2) के तहत दर्ज है। पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि दिनेश बस्सी गिरफ्तारी से बचने के लिए विदेश भागने की तैयारी में थे। इससे मामले की जांच प्रभावित हो सकती थी।

पुलिस को यह भी जानकारी मिली थी कि दिनेश बस्सी गवाहों को डराने-धमकाने की कोशिश कर जांच को प्रभावित कर सकते हैं। इन्हीं कारणों के चलते पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया है। इस दौरान वह अपने कार्यालय में मौजूद थे। फिलहाल पुलिस दिनेश बस्सी से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है।
कांग्रेस सांसद गुरजीत सिंह औजला ने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है और पुलिस का राजनीतिकरण किया जा रहा है। अमृतसर को साजिश के तहत निशाना बनाया जा रहा है। शहर में पुलिस थानों पर ग्रेनेड हमले और पुलिस अधिकारियों पर फायरिंग की घटनाओं से दहशत का माहौल है।
उन्होंने कहा कि अमृतसर विश्व प्रसिद्ध धार्मिक और पर्यटन केंद्र है, जहां रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में पुलिस और प्रतिष्ठित संस्थानों को निशाना बनाने से शहर की छवि और पर्यटन कारोबार प्रभावित हो सकता है।