जालंधर , (PNL) : अमेरिका के लास वेगास में 5 जून को आयोजित ज्वेलरी ट्रेड शो जेकेसी में दिवंगत पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला को समर्पित पेंडेंट आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। न्यूयॉर्क स्थित ज्वेलरी कंपनी द्वारा प्रदर्शित इस कस्टम पेंडेंट ने प्रदर्शनी में पहुंचे कारोबारियों, डिजाइनरों और दर्शकों का ध्यान खींचा। इस विशेष पेंडेंट की शुरुआती कीमत 2 लाख अमेरिकी डॉलर (करीब 1.7 करोड़ रुपए) रखी गई है। कंपनी के अनुसार इसमें 81.92 कैरेट प्राकृतिक हीरे जड़े गए हैं। इस पेंडेंट के निर्माण में 14 कैरेट सोने का इस्तेमाल किया गया है और इसका कुल वजन लगभग 400 ग्राम है। इसे एक प्रीमियम कस्टम ज्वेलरी पीस के रूप में तैयार किया गया है, जो खास तौर पर सिद्धू मूसेवाला की स्मृति को समर्पित है।
पगड़ीधारी आकृति उकेरी गई है
कंपनी के अनुसार इसे अत्यंत बारीकी से डिजाइन किया गया है। इसमें पगड़ीधारी आकृति उकेरी गई है, जो उनकी पहचान से जुड़ी है। पूरी डिजाइन में बड़ी संख्या में चमकदार रत्न जड़े गए हैं, जिससे इसकी भव्यता और बढ़ जाती है।
शो में पहुंचे इंडियन सिद्धू मूसेवाला के पेंडेंट को लेकर क्रेजी दिखे।
मौत के बाद भी बढ़ रही सिद्धू की फैन फॉलोइंग
कंपनी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इस पेंडेंट का वीडियो साझा करते हुए इसे सिद्धू मूसेवाला की स्मृति को समर्पित बताया है। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा तेज हो गई है। ज्वेलरी विशेषज्ञों का कहना है कि किसी कलाकार को समर्पित इस तरह की विशेष और भव्य ज्वेलरी उसकी लोकप्रियता और सांस्कृतिक प्रभाव को दर्शाती है। सिद्धू मूसेवाला की मौत के वर्षों बाद भी दुनिया भर में उनके प्रशंसकों की संख्या बनी हुई है। यह पेंडेंट उनकी वैश्विक लोकप्रियता का एक उदाहरण माना जा रहा है।
पेंडेंट और उस पर जड़े हीरों को लेकर जानकारी देता कंपनी का कर्मचारी।
भारतीय लोगों ने पेंडेंट खरीदने को लेकर दिखाया क्रेज
प्रदर्शनी में मौजूद भारतीय लोगों से जब पूछा गया कि क्या वे इस शख्स को जानते हैं, तो उन्होंने बताया कि यह पंजाब के मशहूर सिंगर सिद्धू मूसेवाला हैं, जिनका निधन हो चुका है। लोगों ने उनके नाम पर बने पेंडेंट को खरीदने में भी रुचि दिखाई।
इसके बाद कंपनी के एक प्रतिनिधि ने मोबाइल पर सिद्धू मूसेवाला का ट्रैक चलाया और पेंडेंट की कीमत भी बताई। बातचीत के दौरान एक व्यक्ति ने उन्हें भारतीय रैपर बताते हुए कहा कि उनके गाने दुनिया भर के प्रशंसकों के फोन में मौजूद हैं।