न्यूज डेस्क, (PNL) : पंजाबी सूफी सिंगर कंवर ग्रेवाल ने वृंदावन में संत प्रेमानंद महाराज से मुलाकात की। 14 मई को हुई इस मुलाकात का वीडियो कंवर ग्रेवाल ने अपने यूट्यूब चैनल पर शेयर किया है। पंजाबी सिंगर ने इस मुलाकात के बारे में ज्यादा कुछ नहीं बताया। लेकिन कहा कि प्रेमानंद महाराज से मिलकर सुकून मिला है।इस दौरान उन्होंने अपना फेमस गीत इश्क बुल्ले नूं नचावे यार ते नच्णा पैंदा ए सुनाया। इस पर महाराज ने कहा कि तुम्हारी आवाज बहुत बुलंद है। इसी तरह गाते रहो।कंवर ग्रेवाल की तस्वीरों पर फैंस ने लिखा कि वृंदावन में सुर और भक्ति का अद्भुत संगम हुआ है। इससे पहले पूर्व क्रिकेटर और कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर सिद्धू, पंजाबी सिंगर इंद्रजीत सिंह निक्कू और बी प्राक समेत कई हस्तियां प्रेमानंद महाराज से मिल चुकी हैं।
वृंदावन में प्रेमानंद महाराज के आगे नतमस्तक होते सिंगर कंवर ग्रेवाल।
प्रेमानंद के सामने जमीन पर बैठे कंवर ग्रेवाल 14 जून को सिंगर कंवर ग्रेवाल प्रेमानंद महाराज के दरबार में पहुंचे। मंच पर आते ही प्रेमानंद महाराज के अनुयायियों ने कंवर ग्रेवाल के बारे में बताया। इस पर महाराज ने कहा कि नचणा पैंदा ए। इस पर मुस्कुराकर कंवर ग्रेवाल ने महाराज के आगे प्रणाम किया और सिरोपा स्वीकार किया। इसके बाद सिंगर महाराज के सामने साधारण मुलाकात करने वालों की तरह जमीन पर बैठ गए।
सफेद कुर्ते और सिर पर पगड़ी बांधे ग्रेवाल ने महाराज के चरणों में शीश नवाया और उनसे आध्यात्मिक मार्गदर्शन लिया। मुलाकात के दौरान गायक संत प्रेमानंद के सामने हाथ जोड़कर बैठे रहे।
सिंगर को फेमस गीत सुनाने के लिए कहा कंवर ग्रेवाल ने संत प्रेमानंद महाराज के कहने पर अपने फेमस गीत इश्क बुल्ले नूं नचावे यार ते नच्णा पैंदा ए सुनाया। इस पर महाराज टकटकी लगाकर कंवर ग्रेवाल की तरफ देखते रहे और गीत खत्म होने पर बोले-बहुत अद्भुत। तुम्हारी आवाज बहुत बुलंद है। सदा खुश रहो, स्वस्थ रहो और इसी तरह गाते रहो।
महाराज ने ग्रेवाल को संगीत और भक्ति का संबंध समझाते हुए कहा कि जब कला में मैं (अहंकार) खत्म हो जाता है, तब वह केवल मनोरंजन नहीं बल्कि इबादत बन जाती है।
पंजाबी सिंगर कंवर ग्रेवाल महाराज प्रेमानंद के आगे नतमस्तक होते हुए।
राधा-राधा भजन के साथ शिव कुमार बटालवी का कलाम सुनाया कंवर ग्रेवाल ने प्रेमानंद महाराज से मुलाकात के बाद श्रद्धालुओं को सूफी और धार्मिक गीतों से मंत्रमुग्ध किया। ग्रेवाल ने राधा-राधा और कृष्णा-कृष्णा भजन से माहौल को भक्तिमय बना दिया। इसके साथ ही बुल्ले शाह के साथ पंजाबी के मशहूर शायर शिव कुमार बटालवी का कलाम की पुच्छदेयो हाल फकीरां दा, साडा नदियों बिछड़ेया नीरां दा सुनाया।
संत प्रेमानंद के दरबार में ये सिंगर भी हो चुके नतमस्तक
इंद्रजीत निक्कू की मुलाकात रही थी सबसे चर्चित: पंजाबी सिंगर इंद्रजीत निक्कू ने सबसे पहले महाराज के चरणों में बैठकर आशीर्वाद लिया था। उनकी ये मुलाकात सबसे चर्चित रही थी। मुलाकात के दौरान निक्कू रो दिए थे। उन्होंने महाराज के सामने हाथ जोड़कर अपनी गलतियों की क्षमा मांगी थी। निक्कू ने बाद में सोशल मीडिया पर इस मुलाकात का अनुभव साझा करते हुए कहा था कि महाराज से मिलने के बाद उनके मन का बोझ हल्का हो गया और उन्हें जीवन जीने की एक नई दिशा मिली। इंद्रजीत निक्कू ने बताया कि एक समय वे पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के टॉप पर थे, लेकिन पिछले कुछ वर्षों से काम की कमी और मानसिक तनाव के कारण वे काफी परेशान चल रहे थे। इसके बाद कई सिंगर निक्कू की मदद के लिए आगे आए थे।
बी प्राक ने कहा था- मेरी जिंदगी 360 डिग्री बदल गई: मशहूर गायक बी प्राक कई बार महाराज के पास हाजिरी लगा चुके हैं। उन्होंने स्वीकार किया था कि महाराज के वचनों ने उनकी जिंदगी 360 डिग्री बदल दी है। अपनी पत्नी के साथ पहुंचे बी प्राक ने वहां नाम जप की महिमा को समझा और भक्ति मार्ग पर चलने का संकल्प लिया था।
मीका सिंह भी कर चुके राधा नाम का संकीर्तन: पंजाबी सिंगर मीका सिंह भी महाराज से मुलाकात कर अपनी श्रद्धा व्यक्त कर चुके हैं। मुलाकात के दौरान महाराज ने उनसे राधा नाम की महिमा पर चर्चा की थी, जिसके बाद मीका ने संकीर्तन भी किया था।
बादशाह भी महाराज से ले चुके आशीर्वाद: रैपर और सिंगर बादशाह भी महाराज के सत्संग में शामिल हो चुके हैं। वह अपने परिवार के साथ महाराज से मिले थे। इस दौरान बादशाह के भाई ने महाराज से पूछा था कि जब इंसान सच बोलता है, तो उसके रिश्ते क्यों टूट जाते हैं? इस पर महाराज ने कहा कि सत्य की राह कठिन होती है, लेकिन भगवान सत्य के साथ रहने वाले का ही साथ देते हैं।