जालंधर , (PNL) : जालंधर में निर्माणाधीन इमारत से बिजली की तारें और एसी के पाइप चोरी कर ले जा रहे एक नाबालिग को लोगों ने पकड़ लिया। सूचना मिलने पर थाना भार्गव कैंप पुलिस मौके पर पहुंची। फिलहाल पुलिस ने नाबालिग को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। इमारत में काम करने वाले मुकेश कुमार ने बताया कि वह रोज की तरह बुधवार सुबह काम पर पहुंचे थे। इसी दौरान एक नाबालिग इमारत के अंदर घुस गया। वह वहां से बिजली की तारें व एसी के पाइप लेकर भागने लगा। मुकेश ने उसे सामान के साथ जाते देखा तो शोर मचा दिया।
सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस।
चोरी का समान छोड़कर भागा चोर
शोर मचने पर नाबालिग चोरी का सामान छोड़कर भागने लगा। मुकेश कुमार ने आसपास मौजूद लोगों की मदद से उसका पीछा किया और कुछ दूरी पर उसे पकड़ लिया। घटना की सूचना बिल्डिंग मालिक को दी गई, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरु की
घटना की सूचना मिलने पर थाना भार्गव कैंप पुलिस मौके पर पहुंची और नाबालिग को हिरासत में ले लिया। जांच अधिकारी ने बताया कि कंट्रोल रूम से निर्माणाधीन इमारत में चोरी के आरोप में एक नाबालिग को पकड़े जाने की सूचना मिली थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और बिल्डिंग मालिक के बयान दर्ज करने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।