बड़ी खबर : टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर दायरे में रहने वालों को बड़ी राहत, अब मात्र इतने रुपए में मिलेगा सालाना पास, पढ़ें
Punjab News Live -PNL
October 28, 2026
Uncategorized, ताजा खबर, देश विदेश, होम
नई दिल्ली, (PNL) : नेशनल हाईवे पर स्थित टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले स्थानीय निजी वाहन मालिकों को बड़ी राहत मिलने जा रही है। नए नियमों के तहत 1 नवंबर से पात्र वाहन मालिकों को ₹1500 में सालाना टोल पास उपलब्ध कराया जाएगा। इससे उन्हें हर महीने टोल पास रिचार्ज कराने के झंझट से छुटकारा मिलेगा और सालभर में अच्छी-खासी बचत भी होगी।
अभी हर महीने खर्च करने पड़ते हैं ₹360
फिलहाल टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले पात्र वाहन मालिकों को ₹360 का मासिक पास लेना पड़ता है। इस हिसाब से उन्हें एक साल में कुल ₹4,320 खर्च करने पड़ते हैं। नई व्यवस्था के तहत ₹1500 का सालाना पास लेने पर वाहन मालिकों को सालभर में ₹2,820 की बचत होगी। यानी उन्हें लगभग 65 प्रतिशत तक का फायदा मिल सकता है।
₹3000 वाले पास पर भी मिलेगी बचत
नई व्यवस्था के तहत जिन टोल प्लाजा के आसपास रहने वाले पात्र वाहन मालिकों के लिए ₹3000 का सालाना पास निर्धारित होगा, उन्हें भी फायदा मिलेगा। इस स्थिति में सालाना पास लेने पर ₹1,320 की बचत होगी, जो लगभग 31 प्रतिशत है।
किसे मिलेगा सालाना पास?
यह सुविधा नेशनल हाईवे के टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले पात्र निजी, गैर-वाणिज्यिक वाहन मालिकों के लिए होगी। वाहन में वैध फास्टैग होना जरूरी है। यह पास केवल उसी टोल प्लाजा पर मान्य होगा, जिसके लिए इसे जारी किया गया है।
किन लोगों को नहीं मिलेगा लाभ?
टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर के दायरे में रहने की शर्त पूरी नहीं करने वाले वाहन मालिक इस सुविधा के पात्र नहीं होंगे। इसके अलावा, जहां सर्विस रोड उपलब्ध है, वहां इस पास की सुविधा लागू नहीं होगी। सालाना पास की फीस वाहन मालिक के घर के पते के आधार पर नहीं, बल्कि टोल प्लाजा की लोकेशन और निर्धारित नियमों के अनुसार तय की जाएगी।
हर साल बदल सकती हैं दरें
नई व्यवस्था के तहत सालाना पास की फीस में बदलाव भी किया जा सकता है। रिपोर्ट के अनुसार, सरकार हर साल 1 अप्रैल को इन दरों में संशोधन कर सकती है। इस नई व्यवस्था से टोल प्लाजा के आसपास रहने वाले स्थानीय वाहन मालिकों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।