लुधियाना में नए घर की पार्टी में 18 राउंड फायरिंग, एक की आंख पर गोली लगी; पहले क्रेन से तोड़ी दीवार
Punjab News Live -PNL
September 20, 2026
ताजा खबर, पंजाब, लुधियाना, होम
लुधियाना, (PNL) : लुधियाना के गांव कुलियेवाल में शनिवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब नए मकान की खुशी में चल रही पार्टी के दौरान हथियारबंद लोगों ने फायरिंग कर दी। आरोप है कि करीब 15 से 20 हमलावर पहले क्रेन की मदद से दीवार तोड़कर अंदर पहुंचे और इसके बाद पार्टी में मौजूद युवकों पर गोलियां बरसा दीं।
पीड़ित अंकुश चोपड़ा उर्फ शालू के मुताबिक, 19 सितंबर की रात वह अपने दोस्त के नए मकान बनने की खुशी में राजू डेयरी फार्म में करीब 10 लोगों के साथ पार्टी कर रहा था। रात करीब 12 बजे बाहर से जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी। जब पार्टी में मौजूद लोग बाहर निकले तो दीवार टूटी हुई थी। आरोप है कि इसी दौरान हमलावरों ने जान से मारने की धमकी दी और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।
फायरिंग में अंकुश चोपड़ा की बाईं आंख के ऊपर छर्रे लगे, जबकि उसका दोस्त राजदीप सिंह भी घायल हो गया। गोलियों की चपेट में पार्टी का सामान लेकर लौट रही एक सफेद स्कॉर्पियो भी आ गई। वाहन पर कई गोलियों के निशान मिले हैं। पुलिस को घटनास्थल से 18 खाली खोल बरामद हुए हैं।
जमीन विवाद की रंजिश में हमला करने का आरोप
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि इस हमले के पीछे जमीन विवाद को लेकर पुरानी रंजिश है। उसके अनुसार हमलावरों के पास राइफल और पिस्टल के अलावा तलवारें, दातर और डंडे भी थे। घटना के बाद घायलों को इलाज के लिए पहले CMC अस्पताल, लुधियाना ले जाया गया। बाद में परिजन उन्हें मोहाली के सुहाना अस्पताल ले गए, जहां उनका इलाज चल रहा है।
चार नामजद समेत 12 अज्ञात पर केस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घायल अंकुश चोपड़ा के बयान पर पुलिस ने सुखविंदर सिंह, अमरप्रीत सिंह, जसकरण सिंह और गुरजीत सिंह को नामजद किया है। इनके अलावा करीब 12 अज्ञात हमलावरों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 109, 115(2), 351(2), 324(4), 191(3), 190 और आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत केस दर्ज किया है।
मोहाली पहुंचकर पुलिस ने दर्ज किए बयान
चौकी ताजपुर के ASI देविंदर पाल ने मोहाली स्थित सुहाना अस्पताल पहुंचकर घायल के बयान दर्ज किए। पुलिस अब हमले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान और वारदात में इस्तेमाल हथियारों के संबंध में जांच कर रही है।