जालंधर में 1 नवंबर को होगा भारत-पाकिस्तान का महामुकाबला, खेल प्रेमियों में उत्साह
Punjab News Live -PNL
September 14, 2026
जालंधर, ताजा खबर, पंजाब, होम
जालंधर, 14 सितंबर (PNL) : पंजाब एक बार फिर दुनिया के बड़े हॉकी मुकाबले का गवाह बनने जा रहा है। पुरुष एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी 2026 का आगाज 27 अक्टूबर को जालंधर के ओलंपियन सुरजीत हॉकी स्टेडियम से होगा और सबसे बड़ा आकर्षण 1 नवंबर को होने वाला भारत-पाकिस्तान मुकाबला रहेगा।
हॉकी पंजाब के अध्यक्ष एवं हॉकी इंडिया के उपाध्यक्ष नितिन कोहली ने इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट को पंजाब में लाने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पंजाब में इतने बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट की मेजबानी राज्य की खेल विरासत और हॉकी के प्रति जुनून को दुनिया के सामने रखने का बड़ा अवसर है।
प्रतियोगिता के कार्यक्रम की औपचारिक घोषणा मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान, एशियाई हॉकी महासंघ के उपाध्यक्ष भोला नाथ, हॉकी इंडिया के अध्यक्ष आर.पी. सिंह और महानिदेशक कमांडर आर.के. श्रीवास्तव की मौजूदगी में की गई।
भारत-पाकिस्तान मुकाबले को लेकर बोले नितिन कोहली
भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर नितिन कोहली ने कहा कि जालंधर में होने वाला यह मुकाबला सिर्फ एक हॉकी मैच नहीं होगा, बल्कि सीमा के दोनों ओर रहने वाले पंजाबियों के लिए भावनाओं से जुड़ा हुआ क्षण होगा।
उन्होंने कहा, “चढ़ता पंजाब और उतरता पंजाब एक-दूसरे के खिलाफ खेलेगा। मेरे लिए व्यक्तिगत रूप से और दुनिया भर के पंजाबियों के लिए यह बहुत भावुक और विशेष क्षण है। हॉकी के गढ़ जालंधर में भारत और पाकिस्तान को हॉकी खेलते देखना एक यादगार अवसर होगा।”
27 अक्टूबर से शुरू होगी चैंपियंस ट्रॉफी
पुरुष एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी की शुरुआत 27 अक्टूबर को जालंधर के ओलंपियन सुरजीत हॉकी स्टेडियम से होगी। टूर्नामेंट में भारत, पाकिस्तान, जापान, मलेशिया, चीन और कोरिया की टीमें हिस्सा लेंगी।
टूर्नामेंट का फाइनल 5 नवंबर को मोहाली के ओलंपियन बलबीर सिंह हॉकी स्टेडियम में खेला जाएगा।
नितिन कोहली ने जालंधर को मुकाबलों की मेजबानी मिलने को शहर की हॉकी विरासत के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि जालंधर ने देश को बड़ी संख्या में ओलंपियन और अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी दिए हैं और हॉकी उपकरण निर्माण के क्षेत्र में भी शहर की दुनिया भर में पहचान है।
‘जालंधर सिर्फ शहर नहीं, भारतीय हॉकी की आत्मा है’
कोहली ने कहा कि जालंधर में एशिया की बेहतरीन हॉकी टीमों को खेलते देखना हर हॉकी प्रेमी के लिए गर्व का क्षण होगा। इससे जालंधर की पहचान ‘हॉकी नगरी’ के रूप में और मजबूत होगी।
उन्होंने कहा कि इस तरह के अंतरराष्ट्रीय आयोजन का सबसे बड़ा फायदा पंजाब के बच्चों और युवा खिलाड़ियों को मिलेगा। स्टेडियम में बैठा कोई बच्चा आज किसी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी को खेलते हुए देख सकता है और कल वही बच्चा भारतीय टीम की जर्सी पहन सकता है।
दर्शकों को मिलेगी फ्री एंट्री
नितिन कोहली ने सभी मुकाबलों में दर्शकों को निःशुल्क प्रवेश देने के फैसले का भी स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इससे बच्चों, विद्यार्थियों, परिवारों और हॉकी प्रेमियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की हॉकी करीब से देखने का मौका मिलेगा और स्टेडियम में खेल को लेकर जबरदस्त माहौल बनेगा।
उन्होंने कहा कि पंजाब के पास देश का अग्रणी खेल केंद्र बनने की पूरी क्षमता है। राज्य के पास खेल प्रतिभा, गौरवशाली खेल विरासत, मजबूत स्पोर्ट्स इंडस्ट्री और खेलों के प्रति लोगों का जुनून पहले से मौजूद है।
‘पंजाब को सिर्फ पुरानी विरासत पर गर्व नहीं, नया इतिहास भी बनाना है’
नितिन कोहली ने कहा कि पंजाब को सिर्फ अपनी पुरानी हॉकी उपलब्धियों पर गर्व करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए। अब जरूरत है कि अगली पीढ़ी को बेहतर सुविधाएं, अंतरराष्ट्रीय अनुभव और बड़े अवसर दिए जाएं।
उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान, पंजाब सरकार, हॉकी इंडिया और प्रतियोगिता से जुड़े सभी अधिकारियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि हॉकी पंजाब इस ऐतिहासिक प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए हरसंभव सहयोग करेगा।
उन्होंने कहा कि एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी पंजाब के लिए सिर्फ एक अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता नहीं, बल्कि पंजाब की नई खेल पहचान का महत्वपूर्ण अध्याय साबित होगी।