ग्रीस में जालंधर के दो सगे भाइयों का कत्ल, मारने वाला रिश्तेदारी में लगता था मामा, पढ़ें
Punjab News Live -PNL
November 21, 2026
जालंधर, ताजा खबर, पंजाब, होम
जालंधर, (PNL) : विदेश जाकर परिवार की आर्थिक हालत सुधारने का सपना देखने वाले जालंधर के शाहकोट क्षेत्र के तलवंडी संगेरा गांव के दो सगे भाइयों की ग्रीस में हत्या कर दी गई। दोनों भाई रोजी-रोटी कमाने के लिए ग्रीस गए थे, लेकिन करीब 18 दिन बाद उनके शव शुक्रवार सुबह अमृतसर एयरपोर्ट पहुंचे। इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
मृतकों की पहचान 26 वर्षीय दलजीत सिंह और 23 वर्षीय गुरविंदर सिंह के रूप में हुई है। दोनों की 3 नवंबर को धारदार हथियारों से हमला कर हत्या कर दी गई थी। इस दोहरे हत्याकांड में परिवार ने अपने ही दूर के रिश्तेदार संदीप सिंह पर आरोप लगाया है, जो रिश्ते में उनका मामा बताया जा रहा है। ग्रीक पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
कर्ज लेकर बड़े बेटे को भेजा था विदेश
मृतकों के पिता बूटा सिंह ने बताया कि उनके परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है। उनके तीन बेटे हैं। करीब आठ महीने पहले जालंधर के गुमतली गांव के रहने वाले दूर के रिश्तेदार संदीप सिंह ने उनके बड़े बेटे दलजीत को वर्क परमिट पर ग्रीस भेजने का प्रस्ताव दिया था।
परिवार ने कर्ज लेकर दलजीत को विदेश भेजा। वहां पहुंचने के करीब पांच महीने बाद दलजीत ने अपने छोटे भाई गुरविंदर को भी ग्रीस बुला लिया। गुरविंदर को विदेश गए अभी करीब तीन महीने ही हुए थे।
सुअर फार्म में करते थे नौकरी, परिवार को थी बेहतर भविष्य की उम्मीद
दोनों भाई ग्रीस में एक सुअर फार्म पर काम करते थे। परिवार को उम्मीद थी कि दोनों भाई मेहनत करके अच्छी कमाई करेंगे और घर की आर्थिक परेशानियां दूर होंगी। लेकिन 3 नवंबर को अचानक दोनों की हत्या की खबर ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं।
मामा पर हत्या करने और वीडियो बनाने का आरोप
पिता बूटा सिंह ने आरोप लगाया कि दोनों भाइयों की हत्या उनके रिश्तेदार संदीप सिंह ने की है। उनके मुताबिक, दोनों पर अलग-अलग जगहों पर धारदार हथियारों से हमला किया गया था। परिवार का यह भी दावा है कि आरोपी ने हत्या की वीडियो रिकॉर्डिंग की थी।
इस मामले में ग्रीक पुलिस ने संदीप सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, परिवार को आशंका है कि इस हत्याकांड में आरोपी के अलावा कुछ अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। परिवार ने पूरे मामले की गहराई से जांच करवाने की मांग की है।
अमृतसर एयरपोर्ट पहुंचे शव, परिवार ने सरकार से मांगा इंसाफ
शुक्रवार सुबह दोनों भाइयों के शव अमृतसर एयरपोर्ट पहुंचने पर परिवार में चीख-पुकार मच गई। पिता बूटा सिंह, मां बलजिंदर कौर और बड़े भाई सुपिंदर सिंह का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिवार ने केंद्र सरकार और पंजाब सरकार से अपील की है कि ग्रीस में हुए इस दोहरे हत्याकांड की निष्पक्ष और गहन जांच करवाई जाए। साथ ही हत्या में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए।