जालंधर में मेयर विनीत धीर की शुक्राना यात्रा में हंगामा: श्री देवी तालाब मंदिर में दो गैंगस्टर गुटों के बीच झड़प, पुलिस ने एक को लिया हिरासत में
Punjab News Live -PNL
August 2, 2026
जालंधर, ताजा खबर, पंजाब, होम
जालंधर, (PNL) : श्री देवी तालाब मंदिर में रविवार को आयोजित शुक्राना यात्रा के दौरान उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब गैंगस्टरों के दो गुट आपस में भिड़ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मंदिर परिसर के अंदर ही एक-दूसरे पर ईंटें फेंकी जाने लगीं। एक गैंग ‘द’ नाम के गैंगस्टर का था तो दूसरा गुट ‘अ’ नाम के गैंगस्टर का था।
घटना के समय जालंधर नॉर्थ के हल्का इंचार्ज और जालंधर के मेयर विनीत धीर भी मौके पर मौजूद थे। बताया जा रहा है कि मेयर की ओर से आज शुक्राना यात्रा का आयोजन किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में समर्थक शामिल हुए थे। इसी दौरान दोनों गुट भी वहां पहुंच गए और किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया।
हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को राउंडअप कर लिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और झड़प के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
हालांकि, इस घटना का अभी तक कोई वीडियो सामने नहीं आया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।