लुधियाना में AAP विधायिका पर ट्रक ड्राइवर को थप्पड़ मारने का आरोप, साथियों ने लगाया धरना
Punjab News Live -PNL
September 15, 2026
ताजा खबर, पंजाब, लुधियाना, होम
लुधियाना, (PNL) : लुधियाना में आम आदमी पार्टी की विधायक राजिंदरपाल कौर छीना और एक ट्रक ड्राइवर के बीच विवाद का मामला सामने आया है। आरोप है कि विधायक की गाड़ी को रास्ता न देने पर उनके ड्राइवर ने हूटर बजाया, लेकिन ट्रक के आगे खड़े रहने के बाद मामला गर्मा गया।
बताया जा रहा है कि विधायक राजिंदरपाल कौर छीना अपने गनमैनों के साथ गाड़ी से उतरकर ट्रक के पास पहुंचीं। इस दौरान ट्रक ड्राइवर को नीचे उतारा गया। ड्राइवर पक्ष का आरोप है कि विधायक ने उसे थप्पड़ मारा। घटना की जानकारी मिलने के बाद ट्रक ड्राइवर के साथी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने विधायक के खिलाफ धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस से विधायक के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की।

विधायक ने थप्पड़ मारने से किया इनकार
वहीं, विधायक राजिंदरपाल कौर छीना ने ट्रक ड्राइवर को थप्पड़ मारने के आरोप से साफ इनकार किया है। उनका कहना है कि इलाके में तेज रफ्तार टिप्परों को लेकर पहले से कई शिकायतें मिल रही थीं।
विधायक के मुताबिक, संबंधित ट्रक ड्राइवर भी तेज रफ्तार से वाहन चला रहा था और उसने एक एक्टिवा तथा एक मोटरसाइकिल को टक्कर मारी थी। इसके बाद जब उसे रोका गया तो उसके हाथ से चाबी छीनी गई।
विधायक ने कहा कि उन्होंने ड्राइवर को थप्पड़ नहीं मारा, बल्कि उसके हाथ में मौजूद चाबी छीनी थी। उन्होंने बताया कि मौके पर थाना डाबा की पुलिस को बुलाया गया और ड्राइवर को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
रवनीत बिट्टू ने AAP सरकार पर साधा निशाना
मामला सामने आने के बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने भी आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधा। बिट्टू ने आरोप लगाया कि गरीब ट्रक ड्राइवर पर हाथ उठाना सत्ता के अहंकार और शर्मनाक गुंडागर्दी का सबूत है।
फिलहाल इस पूरे मामले में विधायक और ट्रक ड्राइवर पक्ष के आरोप अलग-अलग हैं। पुलिस कार्रवाई और जांच के बाद ही घटनाक्रम की पूरी तस्वीर साफ हो पाएगी। राजिंदरपाल कौर छीना वर्ष 2022 में पहली बार आम आदमी पार्टी की टिकट पर विधायक चुनी गई थीं।