लुधियाना स्कूल की बस ने साइकिल सवार छात्रा को कुचला:छठी क्लास की है छात्रा,हालत बेहद नाजुक,सीसीटीवी आई सामने
Punjab News Live -PNL
October 7, 2026
ताजा खबर, पंजाब, लुधियाना
लुधियाना , (PNL) : लुधियाना में एक तेज रफ्तार स्कूल बस ने साइकिल से घर लौट रही छठी कक्षा की एक मासूम छात्रा को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयंकर था कि बच्ची बस के नीचे आ गई। गंभीर रूप से घायल बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। इस हादसे का सीसीटीवी फुटेज आया सामने है ।
इस हादसे का एक सीसीटीवी (CCTV) वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि मासूम बच्ची सड़क के किनारे अपनी साइकिल से जा रही है, तभी पीछे से आ रही बीसीएम स्कूल की तेज रफ्तार बस उसे जोरदार टक्कर मारती है और बच्ची बस के पहियों के नीचे आ जाती है।
यह घटना कल 6 अक्टूबर की है। जानकारी के अनुसार पीड़ित बच्ची थरीके (Threeke) गांव के सरकारी स्कूल में छठी कक्षा में पढ़ती है। वह बेहद गरीब परिवार से ताल्लुक रखती है। कल जब बच्ची अपनी साइकिल पर सवार होकर स्कूल से वापस घर की ओर आ रही थी,तभी बसंत सिटी स्थित बीसीएम सीनियर सेकेंडरी स्कूल (BCM Arya School) की बच्चों से भरी एक बस ने उसे पीछे से अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे के तुरंत बाद खून से लथपथ और बुरी तरह से जख्मी बच्ची को इलाज के लिए अगर नगर स्थित रघूनाथ अस्पताल ले जाया गया। बच्ची की मां भी इसी अस्पताल में सफाई कर्मचारी के तौर पर काम करती हैं। डॉक्टरों के मुताबिक बच्ची की हालत काफी नाजुक बनी हुई है और उसका सघन इलाज चल रहा है। इस अचानक हुए हादसे से गरीब परिवार गहरे सदमे में है।