लुधियाना में हाथ काटकर दुकानदार को पकड़ाया:हमलावर बोले- युवक के घर भिजवा देना, घर में घुसकर हमला किया; इलाज के दौरान मौत हुई
Punjab News Live -PNL
October 24, 2026
ताजा खबर, पंजाब, लुधियाना
लुधियाना , (PNL) : लुधियाना में बदमाशों ने घर में घुसकर एक युवक पर तलवार से हमला कर उसका हाथ काटकर अलग कर दिया। वारदात के बाद आरोपी कटा हुआ हाथ लिफाफे में डालकर एक करियाना दुकानदार को दे गए। दुकानदार से कहा कि इसे युवक के घर पहुंचा देना।घायल युवक को आसपास के लोग अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने काफी देर तक खून रोकने की कोशिश की। खून ज्यादा बहने से युवक की मौत हो गई।
घटना रेडू साहिब गुरुद्वारा के पास की है। मृतक की पहचान शक्ति सिंह उर्फ भूरा (40) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में मामला आपसी रंजिश का लग रहा है। युवक और आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही है।SHO जितेंद्र कुमार ने बताया कि शनिवार सुबह पुलिस कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि रेडू साहिब गुरुद्वारे के पास एक मकान में मारपीट हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हमलावरों ने मकान मालिक के साथ भी मारपीट की थी।
पुलिस के मुताबिक, हमलावरों ने शक्ति सिंह उर्फ भूरा को बुरी तरह पीटा और उस पर तलवार सेवार किए। इस दौरान उसका हाथ काटकर अलग कर दिया। गंभीर रूप से घायल शक्ति सिंह को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।वारदात के बाद आरोपी कटा हुआ हाथ अपने साथ ले गए। इसके बाद वे सतगुरु नगर की गली नंबर-9 में एक करियाना दुकान पर पहुंचे और हाथ दुकानदार को थमा दिया। आरोपियों ने दुकानदार से कहा कि इसे युवक के घर पहुंचा देना। इसके बाद वे वहां से फरार हो गए।
SHO जितेंद्र कुमार के मुताबिक, शुरुआती जांच में मामला आपसी रंजिश का लग रहा है। पुलिस को उन लोगों के नाम भी मिले हैं, जिनके साथ घायल युवक उठता-बैठता था। पुलिस इन लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। SHO ने बताया कि घायल पर पहले से करीब 12 मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है। आरोपियों का भी आपराधिक रिकॉर्ड बताया जा रहा है।पुलिस घटनास्थल और उस दुकान के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, जहां आरोपी कटा हुआ हाथ छोड़कर गए थे। पुलिस दुकानदार से मिली जानकारी और फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान व उनकी भूमिका की जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।