तरनतारन में सीमा पार से घुसपैठ की कोशिश नाकाम, BSF ने 2 पाकिस्तानी नागरिकों को मार गिराया
Punjab News Live -PNL
October 2, 2026
अमृतसर, ताजा खबर, पंजाब, होम
अमृतसर, (PNL): पंजाब के तरनतारन जिले में भारत-पाकिस्तान सीमा पर BSF ने घुसपैठ की कोशिश को नाकाम करते हुए दो पाकिस्तानी नागरिकों को मार गिराया। घटना खालरा थाना क्षेत्र के राजोके गांव के पास BOP राजोके इलाके में गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे हुई।
BSF के अनुसार, सीमा पर तैनात जवानों ने कुछ संदिग्ध लोगों को भारतीय क्षेत्र में दाखिल होने की कोशिश करते देखा। जवानों ने उन्हें रुकने की चेतावनी दी, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने आगे बढ़ना जारी रखा। इसके बाद जवानों ने फायरिंग की, जिसमें दो घुसपैठियों की मौत हो गई। दोनों मृतकों के पाकिस्तानी नागरिक होने की पुष्टि हुई है, हालांकि फिलहाल उनकी पहचान नहीं हो सकी है।
एक और घुसपैठिया वापस भागा
BSF के मुताबिक, घुसपैठ की कोशिश कर रहा एक अन्य व्यक्ति भी कुछ दूरी तक भारतीय क्षेत्र में दाखिल हो गया था। फायरिंग के बाद वह घबरा गया और वापस सीमा पार भाग निकला।
सुरक्षा बलों ने इलाके में तलाशी अभियान चलाकर स्थिति की जांच की। तरनतारन में करीब सात महीने के भीतर घुसपैठ की यह दूसरी घटना बताई जा रही है।
मार्च 2026 में भी खेमकरण सेक्टर में हुई थी कार्रवाई
इससे पहले 9 मार्च 2026 को तरनतारन जिले के खेमकरण सेक्टर में BSF ने एक पाकिस्तानी घुसपैठिए को मार गिराया था। यह कार्रवाई कल्या और नूरवाला सीमा चौकियों के बीच हुई थी।
BSF के अनुसार, जवानों ने सीमा बाड़ के पास संदिग्ध गतिविधि देखी थी। चेतावनी के बावजूद संदिग्ध व्यक्ति आगे बढ़ता रहा, जिसके बाद जवानों ने फायरिंग की। तलाशी के दौरान उसके पास से कुछ दवाइयां मिली थीं और शव को पुलिस के हवाले कर दिया गया था।
2024 और 2023 में भी तरनतारन में घुसपैठ की कोशिशें
12 अगस्त 2024 को तरनतारन के दल गांव के पास अंतरराष्ट्रीय सीमा पर BSF ने एक पाकिस्तानी घुसपैठिए को मार गिराया था। BSF के मुताबिक, वह सीमा पार कर भारतीय क्षेत्र में दाखिल हुआ था और सीमा बाड़ की ओर बढ़ रहा था।
वहीं, 11 अगस्त 2023 को थेकालन गांव के पास भी एक पाकिस्तानी घुसपैठिया मारा गया था। BSF ने उस समय भी संदिग्ध गतिविधि के बाद चेतावनी देने और उसके नहीं रुकने पर फायरिंग की बात कही थी।
2021 में खालड़ा के पास घुसपैठिया ढेर
2 मई 2021 की रात खालड़ा गांव के पास BSF ने एक पाकिस्तानी घुसपैठिए को मार गिराया था। BSF के अनुसार, वह भारतीय क्षेत्र में नशीले पदार्थों की खेप पहुंचाने की कोशिश कर रहा था। तलाशी में पाकिस्तानी मुद्रा और तंबाकू बरामद होने की बात सामने आई थी।
फिरोजपुर में भी हुई थी बड़ी कार्रवाई
इससे पहले 13 फरवरी 2021 को फिरोजपुर सेक्टर में BSF और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की संयुक्त कार्रवाई के दौरान एक पाकिस्तानी घुसपैठिया मारा गया था। तलाशी में उसके पास से 14.8 किलो हेरोइन, पिस्टल की मैगजीन और 9 एमएम के 6 कारतूस बरामद किए गए थे।
तरनतारन में लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के चलते भारत-पाकिस्तान सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था और घुसपैठ रोधी निगरानी को लेकर एक बार फिर सवाल उठ रहे हैं।