Lovely Professional University में हिंसा फैलाने वाले 20 आरोपी पहचाने:7 स्टूडेंट्स समेत 9 गिरफ्तार; मिग पर चढ़ने वाला भी पकड़ा
Punjab News Live -PNL
October 2, 2026
Uncategorized, जालंधर, ताजा खबर, पंजाब
जालंधर , (PNL) : पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में हुई हिंसा मामले में पुलिस ने 9 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों में 7 छात्र और 2 बाहरी लोग हैं, जबकि जांच में 20 आरोपियों की पहचान कर उन्हें केस में नामजद किया गया है।DIG नवीन सिंगला ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि LPU में हंगामा करने के आरोप में फगवाड़ा से 2, जबकि जम्मू और मुंबई से भी आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है।उधर, हिंसा के दौरान परिसर के बाहर स्थापित मिग-23UM फाइटर जेट पर चढ़े शख्स की पहचान हो गई है। पुलिस ने CCTV खंगालकर उसकी पहचान की। इसके बाद उसे गिरफ्तार भी कर लिया है।आरोपी की गिरफ्तारी हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से हुई है। वह नाबालिग है, यूनिवर्सिटी का ही छात्र है और हिमाचल के मंडी जिले का रहने वाला है। उसके पिता मंडी के DC ऑफिस में बतौर अफसर तैनात हैं।
DIG सिंगला की बड़ी बातें…
-
पुलिस पर पथराव, गाड़ियों में तोड़फोड़ः डीआईजी नवीन सिंगला के मुताबिक, हंगामे के दौरान स्टूडेंट्स ने पुलिस और मीडिया पर पथराव किया। कई गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई और कुछ वाहनों को आग के हवाले कर दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस टीम ने हंगामा कर रहे लोगों को मौके से हटाया।
-
पहले नहीं किया था लाठीचार्जः DIG ने कहा कि पुलिस ने शुरुआत में कोई लाठीचार्ज नहीं किया था। जब स्टूडेंट्स की ओर से पथराव शुरू हुआ और वाहनों में आग लगाई गई, तब स्थिति को शांत करने के लिए पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों को वहां से हटाया।
-
20 आरोपी नामजद, जांच जारीः जांच के दौरान 20 आरोपियों की पहचान कर उन्हें केस में नामजद किया गया है। मामले में आगे की जांच और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की प्रक्रिया जारी है।
-
दो FIR दर्ज, डिजिटल सबूतों से पहचानः मामले में थाना सतनामपुरा में FIR 163 और थाना सदर फगवाड़ा में FIR 106 दर्ज की गई है। SIT ने सोशल मीडिया, न्यूज चैनलों और LPU समेत अन्य जगहों की CCTV फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान की।
-
सोनीपत-यूपी से भी आरोपी, अब तक 9 गिरफ्तारः पुलिस के मुताबिक, 9 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें सोनीपत का जेम्स दहिया, फगवाड़ा का गगनदीप उर्फ कोठा और जसमीट कुमार, यूपी के हमीरपुर का आशुतोष शामिल हैं। एक जुवेनाइल भी है।
डीआईजी नवीन सिंगला प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए। उनके साथ एसएसपी गौरव तूरा, एसआईटी के इंचार्ज वनीत अलहवत मौजूद रहे।
नाबालिग को हीरो की तरह दिखाया गया था
यूनिवर्सिटी में हिंसा के दौरान मिग-23UM फाइटर जेट पर चढ़े नाबालिग लड़के को सोशल मीडिया पर हीरो की तरह दिखाया गया। उसका एक फोटो बहुत वायरल हुआ, जिसमें वह फाइटर जेट पर खड़ा है और बैकग्राउंड में आग लगी हुई है।
इस घटना को लेकर यूनिवर्सिटी के चांसलर BJP राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल ने कहा कि यूनिवर्सिटी कैंपस के बाहर मिग-23 और 1971 की जंग में लड़ाई में इस्तेमाल टैंक लगे हुए हैं। ये फोर्स की हौसला अफजाई करते हैं और युवाओं को प्रेरणा देते हैं। उनके ऊपर चढ़कर सभी की बेइज्जती की गई है।
मामले में अब तक 9 की गिरफ्तारी
वहीं, पुलिस ने LPU हिंसा मामले में अब तक कुल 4 मामले दर्ज किए हैं। इनमें से 3 मामले हाईवे जाम करने, पुलिस की गाड़ी जलाने, यूनिवर्सिटी में तोड़फोड़ करने से जुड़े हैं। इनमें अब तक कुल 9 आरोपियों को पकड़ा जा चुका है, जिनमें 2 पिज्जा डिलीवरी बॉय और 2 यूनिवर्सिटी के ही छात्र हैं।
पुलिस ने मिग-23 फाइटर जेट पर चढ़े नाबालिग के अलावा हरियाणा में सोनीपत शहर की शिव कॉलोनी में रहने वाले जेम्स दहिया, फगवाड़ा के निवासी गगनदीप उर्फ कोठा और फगवाड़ा में ही स्वामी परम नगर के रहने वाले जसमीत कुमार को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने पांचवें आरोपी के रूप में साहिल नाम के युवक को पकड़ा है। वह जम्मू के डोडा जिले का रहने वाला है। यह भी यूनिवर्सिटी का ही छात्र है। पुलिस ने उसे उसके घर से ही गिरफ्तार किया। वहीं, कुछ अन्य लोगों को भी पुलिस ने हिरासत में ले रखा है, जिनसे पूछताछ जारी है।
पुलिस ने फगवाड़ा और सोनीपत के रहने वाले इन तीन युवकों को भी गिरफ्तार किया है।
कैसे पकड़ा गया मिग-23 पर चढ़ा आरोपी
-
सोशल मीडिया पर बना गुमनाम स्टार: यूनिवर्सिटी में हिंसा के दौरान एंट्री पर लगे मिग फाइटर जेट पर लड़का चढ़ा था। उसकी फोटो आकर्षक लगने और वायरल होने से वह सोशल मीडिया पर रातोरात स्टार बनाया, लेकिन कोई भी उसे पहचान नहीं पा रहा था।
-
CCTV से हुई पहचान: वहीं, पुलिस की एक टीम सिर्फ CCTV कैमरे ढूंढने में लगी थी। एंट्री पर लगे कैमरे में उस लड़के की तस्वीर साफ नजर आने लगी। इसके बाद पुलिस ने कॉलेज के डेटा से मिलाया तो पता लगा कि वह यूनिवर्सिटी का छात्र है और बी.टेक इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग का छात्र है।
-
छापे के समय घर पर ही मिला छात्र: पुलिस ने पहचान के बाद आरोपी के घर पर छापा मारा तो छात्र घर में आराम से बैठा था। उसने अपनी वायरल तस्वीर को मोबाइल वॉलपेपर पर लगा रखा था। पुलिस ने उसे पब्लिक प्रॉपर्टी को नुकसान पहुंचाने के मामले में गिरफ्तार किया है। उससे मैकबुक M5 और एक iPhone-14प्रो बरामद किया है।
सीसीटीवी में दिखे इन विजुअल से पकड़ा गया नाबालिग।
लूट के लिए आए थे दोनों डिलीवरी बॉय
पुलिस ने मामले में गुरुवार, 1 अक्टूबर को फगवाड़ा के रहने वाले गगनदीप और जसमीत को गिरफ्तार किया। पुलिस ने जांच के दौरान दोनों को ट्रेस किया था। जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी डोमिनोज में पिज्जा डिलीवरी बॉय है। उन्हें सूचना मिली थी कि यूनिवर्सिटी में हिंसा हुई है, तभी ये दोनों लूट के इरादे से वहां पहुंचे थे।
पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों के आधार पर पहचान कर इन्हें गिरफ्तार किया। आरोपी गगनदीप के मामा ने बताया कि गगन डोमिनोज में पिज्जा डिलीवरी का काम करता है और डेढ़ महीने पहले ही वह नौकरी पर लगा था। गगन की गिरफ्तारी को लेकर परिवार काफी चितिंत है।
दहिया यूनिवर्सिटी में चला रहा था रेस्टोरेंट
वहीं, हिंसा मामले में पुलिस ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर जेम्स दहिया को गिरफ्तार किया है। उस पर कैंपस में तोड़फोड़ और सोशल मीडिया पर छात्रों को भड़काने के आरोप लगे हैं। जानकारी के मुताबिक, आरोपी यूनिवर्सिटी में छात्र है। वह कैंपस में एक रेस्टोरेंट भी चलाता है, जिसका नाम उसने टेस्ट ऑफ पंजाब रख रखा है।
इसके इंस्टाग्राम पर 4500 से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। वह अक्सर सोशल मीडिया पर कैंपस के अंदर की वीडियो बना कर डालता था। वह हरियाणा के सोनीपत जिले का रहने वाला है और फगवाड़ा में ग्रीन वैली में एक पीजी में रहता था।
क्या है LPU में हिंसा का मामला
26 सितंबर 2026 की रात सोशल मीडिया पर यह दावा किया गया कि LPU हॉस्टल में रहने वाली एक छात्रा के साथ बाहर से आए एक प्लंबर ने रेप किया है और प्रशासन कार्रवाई नहीं कर रहा है। इस सूचना के बाद हजारों छात्र भड़क गए।
छात्रों ने यूनिवर्सिटी के अंदरूनी हिस्सों और संपत्ति को नुकसान पहुंचाया और परिसर में बने यूनि मॉल की दुकानों में तोड़फोड़ व लूटपाट की। प्रदर्शनकारियों ने जालंधर-फगवाड़ा मार्ग पर स्थित नेशनल हाईवे-44 को 18 घंटे से अधिक समय तक जाम रखा, जिससे भारी यातायात बाधित हुआ।
यूनिवर्सिटी के छात्रों के बीच यह मैसेज फैलने के बाद हंगामा शुरू हुआ था।
अब तक इस मामले में क्या-क्या हुआ
-
पीड़िता की पहचान अस्पष्ट, अफवाहों का खंडन हुआ: सोशल मीडिया पर जिस छात्रा के हवाले से रेप की बात कही जा रही थी, उसने खुद वीडियो जारी कर अपने सुरक्षित होने और ऐसी कोई घटना न होने की बात स्पष्ट की, जिससे पुलिस के सामने मुख्य सवाल यह है कि वास्तव में पीड़िता कौन है?
-
पुलिस और SIT की कार्रवाई: पंजाब पुलिस ने तोड़फोड़, आगजनी और हिंसा के सिलसिले में कुल 4 FIR दर्ज की हैं और एक 8 सदस्यीय SIT का गठन किया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार भी किया है। साथ ही, भड़काऊ व फर्जी AI वीडियो फैलाने वाले लगभग 300 सोशल मीडिया पोस्ट को हटाने के लिए साइबर क्राइम ने कार्रवाई की है।
-
यूनिवर्सिटी बंद की गई: हिंसा और तनाव के माहौल को देखते हुए यूनिवर्सिटी मैनेजमेंट ने LPU कक्षाओं को 10 दिनों के लिए निलंबित कर दिया और मिड-सेमेस्टर की परीक्षाओं को स्थगित कर छात्रों को घर जाने की अनुमति दी।
-
पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट भी सख्त: हाईकोर्ट ने मामले का संज्ञान लेते हुए पंजाब सरकार और पुलिस से विस्तृत स्टेटस रिपोर्ट मांगी है कि क्या घटना वास्तविक थी या महज अफवाह? अगली सुनवाई 8 अक्टूबर 2026 को तय की गई है।
