राहुल की कॉल के बाद पंजाब अध्यक्ष वड़िंग का इस्तीफा:नए कांग्रेस प्रधान पर खींचतान शुरू, सिंगला फ्रंटरनर, चन्नी-रंधावा दिल्ली पहुंचे
Punjab News Live -PNL
October 1, 2026
ताजा खबर, पंजाब, लुधियाना
लुधियाना , (PNL) : पंजाब कांग्रेस में चुनाव से पहले नए अध्यक्ष को लेकर खींचतान शुरू हो गई है। प्रभारी सचिन पायलट की रिपोर्ट के बाद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने इस्तीफा दे दिया है। उसके बाद संगरूर से पूर्व सांसद विजयइंदर सिंगला का नाम प्रधान पद की दौड़ में सबसे आगे है।हालांकि सिंगला को लेकर पार्टी में अभी से घमासान मचता दिख रहा है। पूर्व CM चरणजीत सिंह चन्नी और गुरदासपुर से सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा दिल्ली पहुंच गए हैं। वह दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात करेंगे।चरणजीत सिंह चन्नी गुट राजा वड़िंग को प्रधान पद से हटाने की मांग पर अड़ा हुआ। हालांकि चन्नी ने कहा कि अब नाराजगी दूर हो चुकी है, सब मिलकर काम करेंगे। किसे कब, कहां पर नियुक्त करना है, हाईकमान तय करेगा।
राजा वड़िंग के इस्तीफे से जुड़ी 2 अहम बातें
-
राहुल गांधी ने कहा- इस्तीफा देना होगा: कांग्रेस सोर्सेज के मुताबिक प्रभारी सचिन पायलट की रिपोर्ट के बाद राहुल गांधी ने राजा वड़िंग को फोन कहा कि पंजाब में कांग्रेस की सरकार बनानी है, तो आपको प्रधान पद से इस्तीफा देना होगा। इसके बाद राजा वड़िंग ने बिना कोई विरोध किया अपना इस्तीफा सौंप दिया।
-
वड़िंग ने स्पष्ट जवाब नहीं दिया: इस्तीफा देने के बाद चंडीगढ़ पहुंचे राजा वड़िंग ने कहा कि कुछ बातें इंटरनल होती हैं, वह सारी बातें नहीं बता सकते। मॉर्निंग वॉक के बाद राजा वड़िंग ने इस्तीफे को लेकर मीडिया से कहा कि अभी मैं वॉक करके लौटा हूं। नहाकर और फ्रेश होने के बाद जानकारी दूंगा।
सिंगला के नए अध्यक्ष बनने से जुड़ी 3 अहम बातें
-
जुलाई में भी हाईकमान की पसंद थे सिंगला: विजयइंदर सिंगला को राहुल गांधी का करीबी माना जाता है। जब इसी साल जुलाई महीने में कांग्रेस में फेरबदल की चर्चा थी तो अध्यक्ष पद के लिए सिंगला का नाम फाइनल था। हालांकि तब हाईकमान ने राजा वड़िंग को ही प्रधानगी पद पर बरकरार रख दिया।
-
दिल्ली बुला सिंगला को 2027 का प्लान समझा चुका हाईकमान: अब कांग्रेस हाईकमान पूर्व सांसद विजयइंदर सिंगला को नया प्रधान घोषित कर सकती है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, हाईकमान विजयइंदर सिंगला को दिल्ली बुलाकर उनके साथ बैठक कर चुका है। उन्हें 2027 के चुनाव को लेकर पार्टी का पूरा प्लान भी समझाया गया है। दो अक्टूबर, गांधी जयंती के दिन नए प्रधान के नाम का ऐलान हो सकता है।
-
सिंगला ने कहा- दिल्ली नहीं जा रहा: इस बारे में सिंगला ने कहा मुझे प्रधान बनाया जा रहा है, इस का मुझे कोई इल्म नहीं है। मुझे मीडिया से ही पता चला है कि मेरा नाम सबसे आगे है। मैं दिल्ली या चंडीगढ़ नहीं जा रहा हूं, मैं तो अपने हलका संगरूर में कार्यकर्ताओं के साथ जो मीटिंग है, उनमें शिरकत कर रहा हूं। लेकिन पार्टी मुझे कोई भी जिम्मेदारी देगी, मैं कार्यकर्ता के तौर पर भी काम करने को तैयार हूं।
क्या सिंगला के नाम पर पेंच फंस सकता है ऐसा संभव है क्योंकि जब सितंबर 2021 में कैप्टन अमरिंदर सिंह को सीएम कुर्सी से हटाया गया तो कांग्रेस हाईकमान तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ को सीएम बनाना चाहता था। मगर, इसका कुछ नेताओं ने विरोध किया कि सिख स्टेट में हिंदू सीएम नहीं होना चाहिए। किसी सिख को ही सीएम बनाया जाना चाहिए। ये आरोप सुनील जाखड़ भी लगाते रहे हैं। इसी वजह से बाद में चरणजीत चन्नी को सीएम कुर्सी दे दी गई। ऐसे में अब सिंगला को प्रधान बनाने का भी विरोध हो सकता है।