लुधियाना के एक और गुरुद्वारे में फायरिंग:2 नकाबपोश बदमाशों ने कमरे पर चलाईं गोलियां, स्नान करने गए बाबा बचे
Punjab News Live -PNL
October 28, 2026
ताजा खबर, पंजाब, लुधियाना
लुधियाना , (PNL) : लुधियाना के जगराओं इलाके में धार्मिक स्थलों को निशाना बनाने का सिलसिला जारी है। गांव गगड़ा स्थित गुरुद्वारा गोपालसर के बाद अब बदमाशों ने गुरुद्वारा मंजी साहिब (राजोवन कला ) में फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया है।बुधवार सुबह करीब 3 बजे 2 नकाबपोश बदमाशों ने गुरुद्वारा साहिब में घुसकर बाबा बलदेव सिंह के कमरे को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग की। गनीमत यह रही कि वारदात के वक्त बाबा बलदेव सिंह कमरे में मौजूद नहीं थे, जिससे एक बहुत बड़ा जानी नुकसान होने से टल गया।
जानकारी के मुताबिक बुधवार अलसुबह करीब 3 बजे दो बदमाश गुरुद्वारा मंजी साहिब परिसर में दाखिल हुए। दोनों ने अपने चेहरे कपड़े से अच्छी तरह ढके हुए थे। गुरुद्वारा साहिब के अंदर पहुंचते ही उन्होंने पिस्टल निकाली और सीधा बाबा बलदेव सिंह के कमरे की तरफ फायरिंग शुरू कर दी। गोलियां कमरे के दरवाजे और दीवार पर जाकर लगीं। फायरिंग इतनी जबरदस्त थी कि एक गोली दरवाजे पर लगे शीशे को भेदते हुए आर-पार निकल गई। जिस समय बदमाशों ने कमरे को निशाना बनाकर गोलियां बरसाईं उस समय बाबा बलदेव सिंह वहां नहीं थे। वे अपनी दिनचर्या के अनुसार तड़के स्नान करने के लिए गए हुए थे। अगर वे उस वक्त कमरे में मौजूद होते तो बड़ा हादसा हो सकता था। तड़के गुरुद्वारा साहिब जैसी पवित्र जगह पर हुई इस फायरिंग की घटना से संगत में भारी रोष है और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
गोलियों की आवाज और घटना की सूचना मिलते ही थाना सुधार की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटना स्थल का जायजा लिया और सबूत जुटाए। मामले की जांच कर रहे थाना सुधार के एसएचओ राजवरिंदरपाल सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच कर रही है। दोनों बदमाशों की पहचान करने और वारदात के पीछे के असल कारणों का पता लगाने के लिए गुरुद्वारा साहिब और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपियों को ट्रेस कर लिया जाएगा।