अमृतसर में हमारे राम का मंचन 16-17 सितंबर को:4 शो होंगे; रावण बनेंगे आशुतोष राणा, राम का किरदार निभाएंगे राहुल भूचर
Punjab News Live -PNL
September 14, 2026
अमृतसर, ताजा खबर, पंजाब
अमृतसर , (PNL) : अमृतसर में 16 और 17 सितंबर को हमारे राम नाटक का मंचन किया जाएगा। यह नाटक गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी के दशमेश ऑडिटोरियम में प्रस्तुत किया जाएगा। दो दिनों के दौरान कुल चार शो होंगे। नाटक के जरिए रामायण की कहानी को आधुनिक मंचीय तकनीक और प्रभावशाली दृश्यों के माध्यम से दर्शकों के सामने पेश किया जाएगा।16 सितंबर को पहला शो दोपहर 2 बजे से शाम 5:30 बजे तक होगा, जबकि दूसरा शो शाम 6:30 बजे से रात 10 बजे तक चलेगा। इसी तरह 17 सितंबर को भी पहला शो दोपहर 2 बजे से शाम 5:30 बजे तक और दूसरा शो शाम 6:30 बजे से रात 10 बजे तक आयोजित किया जाएगा।
निःशुल्क प्रवेश, लेकिन पास जरूरी हमारे राम नाटक पूरी तरह नि:शुल्क होगा। हालांकि, दर्शकों को प्रवेश के लिए पास की जरूरत होगी। एक शो में करीब 750 दर्शकों के बैठने की व्यवस्था होगी। पास बुक माय शो ऐप के जरिए बुक किए जा सकते हैं। इसके अलावा पर्यटन विभाग अमृतसर, डिप्टी कमिश्नर कार्यालय और सनातन सेवा समिति से भी पास प्राप्त किए जा सकते हैं।
इस नाटक में बॉलीवुड के प्रसिद्ध अभिनेता आशुतोष राणा रावण की भूमिका में नजर आएंगे, जबकि राहुल आर. भूचर भगवान श्री राम की भूमिका निभाएंगे। नाटक को फेलिसिटी थिएटर की ओर से तैयार किया गया है। इसमें लाइट और साउंड के विशेष प्रबंधों के साथ आधुनिक मंचीय तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। मनमोहक दृश्यों और हवाई कलाबाजियों के जरिए रामायण को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।
लव-कुश से शुरू होगी ‘हमारे राम’ की कहानी हमारे राम की कहानी पारंपरिक प्रस्तुतियों से अलग अंदाज में दिखाई जाएगी। इसकी शुरुआत सीता माता के वियोग के बाद लव और कुश के भगवान राम का सामना करने से होती है। ‘हमारे राम’ नाटक का आयोजन पंजाब सरकार की ओर से पर्यटन एवं सांस्कृतिक विभाग के सहयोग से कराया जा रहा है।
परिवार सहित कार्यक्रम में पहुंचने की अपील अमृतसर में 16 और 17 सितंबर को होने वाली इन प्रस्तुतियों के जरिए लोगों को श्री राम व रामायण से जुड़े प्रसंगों को नए और आधुनिक मंचीय अंदाज में देखने का अवसर मिलेगा। आयोजकों ने लोगों से परिवार सहित कार्यक्रम में पहुंचने की अपील की है।