जालंधर नॉर्थ में AAP का चुनावी अभियान तेज, श्वेता धीर ने संभाला डोर-टू-डोर प्रचार का मोर्चा
Punjab News Live -PNL
October 5, 2026
जालंधर, ताजा खबर, पंजाब, होम
जालंधर, (PNL) : जालंधर नॉर्थ हलके में आम आदमी पार्टी की चुनावी मुहिम को और तेज करते हुए हलका इंचार्ज एवं मेयर वनीत धीर के बाद उनकी पत्नी और पूर्व पार्षद श्वेता धीर ने भी चुनाव प्रचार की कमान संभाल ली है। श्वेता धीर ने वार्ड नंबर 84 की जनता कॉलोनी से डोर-टू-डोर चुनाव प्रचार की जोरदार शुरुआत की। इस दौरान इलाके की महिलाओं, युवाओं और आम लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया तथा उनके साथ इस अभियान का हिस्सा बनते हुए मेयर वनीत धीर को भारी बहुमत से जिताने का भरोसा दिलाया।
घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात के दौरान श्वेता धीर ने इलाके के लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके साथ सीधा संवाद किया। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने जालंधर सहित पूरे पंजाब के विकास और लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार काम किया है। उन्होंने कहा कि लोगों का प्यार और विश्वास ही आम आदमी पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है और जनता के सहयोग से जालंधर नॉर्थ में पार्टी की जीत निश्चित है।
श्वेता धीर ने कहा कि शुरू किए गए घर-घर संपर्क अभियान से पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भी नया उत्साह पैदा हुआ है। महिलाओं की बड़ी भागीदारी यह दर्शाती है कि आम आदमी पार्टी की नीतियों और मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व के प्रति लोगों में विश्वास कायम है। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार आने वाले दिनों में और तेज किया जाएगा तथा हलके के प्रत्येक वार्ड और प्रत्येक परिवार तक पहुंचकर पार्टी की नीतियों और सरकार के कामों को जनता तक पहुंचाया जाएगा।
श्वेता धीर ने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार दोबारा बनेगी और इस बार भी जनता पार्टी को भारी बहुमत देगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पंजाब के लोगों के साथ जो वादे किए थे, उन्हें पूरा करने के लिए लगातार काम किया है और आने वाले समय में भी जनहित के कार्य पूरी ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ जारी रहेंगे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मेयर वनीत धीर को जालंधर नॉर्थ हलके की बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। मेयर वनीत धीर अपनी इस जिम्मेदारी को पूरी मेहनत, ईमानदारी और समर्पण के साथ निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वनीत धीर हलके के हर वर्ग के लोगों के साथ लगातार संपर्क में हैं और जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करवाने के लिए प्रयासरत हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता के आशीर्वाद और समर्थन से वनीत धीर जालंधर नॉर्थ की सीट जीतकर आम आदमी पार्टी की झोली में डालेंगे।
इस मौके पर इलाका पार्षद देस राज जस्सल ने कहा कि जालंधर नॉर्थ हलके से मेयर वनीत धीर को मैदान में उतारना आम आदमी पार्टी का बेहद बेहतर और सोच-समझकर लिया गया फैसला है। उन्होंने कहा कि हलके के लोग वनीत धीर के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं और उनकी जीत सुनिश्चित करने के लिए पार्टी के कार्यकर्ता दिन-रात मेहनत कर रहे हैं।
देस राज जस्सल ने कहा कि जनता कॉलोनी सहित पूरे नॉर्थ हलके में आम आदमी पार्टी के पक्ष में लोगों का उत्साह लगातार बढ़ रहा है। डोर-टू-डोर अभियान के दौरान लोग खुद आगे आकर पार्टी के उम्मीदवार के पक्ष में समर्थन का भरोसा दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में वनीत धीर की जीत के लिए पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ मैदान में डटा हुआ है।
इस मौके पर पूर्व पार्षद श्वेता धीर के साथ इलाका पार्षद देस राज जस्सल, मनदीप कौर, आरती, रजनी, देबी, सुम्मी, जसविंदर कौर, सविता, पिंकी, गुड्डो, बलवीर कौर, पवना कुमारी, कुलवंत कौर, सुरिंदर कौर, समीर चंदी, दीपक चंदी, अरविंद चंदी, शांति, कुलविंदर कौर, हरजिंदर सिंह और पवन कुमार शर्मा सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और इलाके के लोग मौजूद रहे।