लुधियाना में पूर्व खेतीबाड़ी डिप्टी डायरेक्टर से लूट, VIDEO:ग्राहक बनकर शोरूम में घुसे, विरोध करने पर माथे पर आरी मारी; 8 टांके लगे
Punjab News Live -PNL
October 5, 2026
ताजा खबर, पंजाब, लुधियाना
लुधियाना , (PNL) : लुधियाना के पक्खोवाल रोड स्थित गांव ललतों खेड़ी के पास शारदा एग्रो सर्विस के मालिक और खेतीबाड़ी विभाग के पूर्व डिप्टी डायरेक्टर डॉ. मोहिन्द्र कुमार शारदा के साथ दो बदमाशों ने लूट की कोशिश की। दोनों बदमाश ग्राहक बनकर शोरूम में घुसे और कुछ देर सामान देखने के बाद शोरूम का गेट अंदर से बंद करने लगे।विरोध करने पर दोनों ने डॉ. शारदा के साथ मारपीट शुरू कर दी। एक बदमाश ने आरी से उनके माथे पर वार कर दिया। दोनों के पास पिस्तौल भी थी। वारदात के बाद आरोपी एक्टिवा पर फरार हो गए। पूरी घटना शोरूम में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई।लुटेरों ने CCTV की तारें तक काट दीं। भागते समय बदमाशों से DVR और कुछ अन्य सामान जल्दबाजी में गिर गया। आरोपी एक मोबाइल और 5 हजार रुपए की नकदी ले गए।
डॉ. मोहिन्द्र कुमार शारदा को तार से बांधने की कोशिश करते बदमाश।
डॉ. मोहिन्द्र कुमार शारदा से मारपीट करते बदमाश।
अब विस्तार से पढ़िए पीड़ित ने क्या बताया…
-
ग्राहक बनकर आए, फिर गेट अंदर से बंद करने लगे: डॉ. मोहिन्द्र कुमार शारदा ने बताया कि वह शोरूम में मौजूद थे। इसी दौरान दो युवक ग्राहक बनकर आए और सामान देखने लगे। उन्हें युवकों का हुलिया देखकर शक हुआ, लेकिन उन्होंने दोनों को ग्राहक की तरह ही सामान दिखाया। इसी बीच शोरूम के बाहर उनके दोस्त का कर्मचारी वर्मी कंपोस्ट खाद लेने आया था।
-
दोनों बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया: वह शोरूम के साइन बोर्ड की बाहर से वीडियो बनाने लगा। दोनों युवकों को शक हो गया कि उनकी वीडियो बनाई जा रही है। कर्मचारी के वहां से कुछ दूरी पर जाते ही एक बदमाश ने शोरूम के शीशे वाले गेट को अंदर से बंद करना शुरू कर दिया। उन्होंने इसका विरोध किया तो दोनों बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया।
-
एक बदमाश बोला- इसे तार से बांध दो: डॉ. शारदा ने बताया कि दोनों ने उन्हें पकड़कर मारपीट की। एक आरोपी ने दूसरे से कहा कि इसे तार से बांध दो। इससे उन्हें लगा कि बदमाश बंधक बनाकर शोरूम में लूट करने की योजना बनाकर आए थे। उन्होंने बदमाशों का मुकाबला करने की कोशिश की। एक बदमाश ने आरी से उनके माथे पर वार कर दिया।
-
69 साल की उम्र में भी किया मुकाबला: डॉ. शारदा ने कहा कि उनकी उम्र करीब 69 साल है, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने बदमाशों का काफी मुकाबला किया। दोनों आरोपियों के पास पिस्तौल थी। जाते समय बदमाश उन्हें गालियां और धमकियां देते हुए एक्टिवा पर फरार हो गए।
-
खून से लथपथ अस्पताल पहुंचे, माथे पर लगे 8 टांके: हमले में घायल डॉ. शारदा खून से लथपथ हालत में नजदीकी अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों ने उनके माथे पर 8 टांके लगाए। उन्होंने बताया कि घटना के संबंध में पुलिस चौकी ललतों में शिकायत दी गई है। चौकी पहुंचने पर चौकी इंचार्ज का व्यवहार भी सही नहीं था और अभी तक पुलिस ने मामले में कोई कार्रवाई नहीं की है।

