लुधियाना में i-20 कार सवार युवक की गोली मारकर हत्या, वारदात के बाद खंभे से टकराई कार
Punjab News Live -PNL
October 3, 2026
ताजा खबर, पंजाब, लुधियाना, होम
लुधियाना, (PNL): लुधियाना के मुल्लांपुर इलाके में शुक्रवार देर रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात गांव खंजरवाल की ओर जाने वाले रास्ते पर हुई। हमलावर वरना कार में सवार होकर आए थे और उन्होंने सफेद रंग की i-20 कार में जा रहे युवक पर फायरिंग कर दी। गोली लगने के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे खंभे से जा टकराई।
मृतक की पहचान गांव भुंदड़ी निवासी लाडी खान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि लाडी खान सफेद i-20 कार में सवार होकर गांव माजरी की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में वरना कार सवार हमलावरों ने उन पर गोलियां चला दीं।
अंधेरे का फायदा उठाकर साथी ने बचाई जान
घटना के समय लाडी खान के साथ कार में रोहित उर्फ बिल्ला निवासी माजरी भी मौजूद था। अंधेरा होने के कारण रोहित हमलावरों की नजर से बच गया और अपनी जान बचाने के लिए मौके से भाग निकला। हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए।
मौके पर पहुंची पुलिस, CCTV खंगालने में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसपी (डी) स्वर्णजीत सिंह और थाना प्रभारी निर्मलजीत सिंह ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है और मृतक के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है।
पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। आरोपियों की तलाश और उनकी लोकेशन ट्रेस करने के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह और हमलावरों की पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।