श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व पर खुरालगढ़ साहिब में तैयारियां तेज, 4 दिसंबर को पहुंचेंगे CM मान
Punjab News Live -PNL
November 21, 2026
जालंधर, ताजा खबर, पंजाब, होम
न्यूज डेस्क, (PNL) : श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को लेकर पंजाब सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस ऐतिहासिक अवसर पर श्री खुरालगढ़ साहिब में 4 से 6 दिसंबर तक तीन दिवसीय धार्मिक समागम आयोजित किया जाएगा। इसमें मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान सहित कई गणमान्य व्यक्ति शामिल होंगे। आयोजन को लेकर देश के अलग-अलग राज्यों से चार विशाल शोभायात्राएं भी निकाली जाएंगी, जो 3 दिसंबर को खुरालगढ़ साहिब पहुंचेंगी।
इन शोभायात्राओं का आयोजन वाराणसी, जम्मू, बठिंडा और फरीदकोट से किया जाएगा। प्रकाश पर्व के कार्यक्रमों में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। इसी को देखते हुए प्रशासन ने परिवहन, रहने, खाने और सुरक्षा सहित तमाम व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं।
मीनार-ए-बेगमपुरा में अधिकारियों की उच्चस्तरीय बैठक
कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए मीनार-ए-बेगमपुरा में उच्चस्तरीय बैठक हुई। विधानसभा के उपाध्यक्ष जय कृष्ण सिंह रौड़ी ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को सभी इंतजाम समय पर पूरे करने के निर्देश दिए।
बैठक में तप स्थान श्री खुरालगढ़ साहिब के मुख्य सेवादार बाबा केवल सिंह, मार्कफेड के एमडी विशेष सारंगल, डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन और पर्यटन विभाग के निदेशक संजीव तिवारी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवागमन, ठहरने और लंगर की व्यवस्था को प्राथमिकता देने पर चर्चा हुई।
4 दिसंबर को CM मान करेंगे कार्यक्रमों की शुरुआत
डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने बताया कि चारों शोभायात्राएं 3 दिसंबर को श्री खुरालगढ़ साहिब पहुंचेंगी। इसके अगले दिन यानी 4 दिसंबर को मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान श्री अखंड पाठ साहिब के आरंभ समारोह में शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री मीनार-ए-बेगमपुरा परिसर में श्री गुरु रविदास जी के जीवन और शिक्षाओं पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन भी करेंगे। इसी दिन दोपहर में संत सम्मेलन और कीर्तन दरबार सजाया जाएगा।
शाम 7 बजे गुरु रविदास जी के जीवन, विचारों और दर्शन को दर्शाने वाला 3डी प्रोजेक्शन और ड्रोन शो आयोजित होगा। इसे कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षणों में शामिल किया गया है।
5 दिसंबर को नगर कीर्तन, 6 को अखंड पाठ साहिब का भोग
तीन दिवसीय समागम के दूसरे दिन 5 दिसंबर को चरण छोह गंगा से नगर कीर्तन निकाला जाएगा। इसके बाद कीर्तन दरबार और 3डी प्रोजेक्शन का कार्यक्रम होगा।
वहीं, 6 दिसंबर को श्री अखंड पाठ साहिब का भोग डाला जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भगवंत मान पौधरोपण अभियान की भी शुरुआत करेंगे। इसके साथ ही कार्यक्रम स्थल पर कीर्तन दरबार का आयोजन किया जाएगा।
श्रद्धालुओं के लिए बनेगी टेंट सिटी, लंगर और यातायात के विशेष इंतजाम
प्रकाश पर्व में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना को देखते हुए प्रशासन विशेष टेंट सिटी तैयार करेगा। इसमें संगत के ठहरने की व्यवस्था होगी। इसके अलावा लंगर, परिवहन और यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
प्रशासन का प्रयास है कि देश-विदेश से आने वाली संगत को किसी प्रकार की परेशानी न हो और सभी धार्मिक कार्यक्रम व्यवस्थित ढंग से संपन्न हों।
बैठक में अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (विकास) अमरजीत, एसडीएम गढ़शंकर संजीव कुमार, आरटीओ अमनदीप कौर, सहायक कमिश्नर गुरकनवाल सिंह, बाबा नरेश सिंह, बाबा सुखदेव सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।