पंजाब में अकाली दल के हलका इंचार्ज के खिलाफ किडनैपिंग का केस दर्ज, दो साथी गिरफ्तार
Punjab News Live -PNL
October 7, 2026
ताजा खबर, पंजाब, लुधियाना, होम
लुधियाना, (PNL): लुधियाना में एक नाबालिग लड़की को उसके मामा के घर से कथित तौर पर जबरन ले जाने की कोशिश का मामला सामने आया है। लड़की ने खुद को कमरे में बंद कर पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर मदद मांगी। मामले में शिरोमणि अकाली दल के मुल्लांपुर दाखा हलका इंचार्ज जसकरण सिंह देओल समेत चार लोगों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने मामले में देओल के दो कथित साथियों अवतार सिंह और दविंदर सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक दोनों के कब्जे से दो पिस्टल और एक मर्सिडीज कार बरामद की गई है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें पूछताछ के लिए दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
पुराने केस की सुनवाई से जोड़कर लगाए आरोप
शिकायतकर्ता ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया है कि यह पूरा घटनाक्रम नाबालिग से जुड़े एक पुराने मामले की 6 अक्टूबर को होने वाली कोर्ट सुनवाई को प्रभावित करने के उद्देश्य से किया गया। हालांकि, इन आरोपों की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।
5-6 महीने से मामा के घर रह रही थी नाबालिग
FIR के मुताबिक, मंडी गोबिंदगढ़ निवासी सहजप्रीत सिंह ने पुलिस को शिकायत दी कि उसकी 16 वर्षीय ममेरी बहन पिछले करीब 5-6 महीने से गांव बिरमी में अपने मामा परमिंदर सिंह के घर रह रही थी। इससे पहले वह अपनी मां हरमनदीप कौर और जसकरण सिंह देओल के साथ मोहाली में रहती थी।
शिकायत के अनुसार, 5 अक्टूबर की रात लड़की की मां हरमनदीप कौर कथित तौर पर अवतार सिंह और दविंदर सिंह के साथ बिरमी स्थित घर पहुंची। आरोप है कि जसकरण सिंह देओल भी गांव के बाहर मौजूद था।
कमरे में बंद होकर पुलिस को किया फोन
शिकायतकर्ता के मुताबिक, लड़की ने फोन कर बताया कि कुछ लोग उसे जबरन अपने साथ ले जाने की कोशिश कर रहे हैं। आरोप है कि उसके साथ मारपीट की गई और उसे घसीटा गया। इसके बाद लड़की ने खुद को कमरे में बंद कर लिया और सहजप्रीत की सलाह पर पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर मदद मांगी।
पुलिस टीम के साथ भी हाथापाई का आरोप
शिकायत के अनुसार, जब सहजप्रीत और एक अन्य व्यक्ति मौके पर पहुंचे तो पुलिस की PCR टीम वहां पहुंच चुकी थी। आरोप है कि लड़की की मां ने पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई की और लड़की को जबरन घर के अंदर ले जाकर दरवाजा बंद कर लिया।
इसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल और गांव के लोग भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस और ग्रामीणों ने अंदर मौजूद लोगों को दरवाजा खोलने के लिए समझाया, लेकिन आरोप है कि दरवाजा नहीं खोला गया।
इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में शिकायतकर्ता ने कुछ ग्रामीणों के साथ मिलकर दरवाजा तोड़ा और घर की तलाशी ली। हालांकि, पुलिस के पहुंचने तक लड़की और उसकी मां वहां नहीं मिलीं।फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।