अकाल तख्त साहिब का बड़ा फैसला, SGPC सदस्य अमरजीत सिंह चावला पंथ से निष्कासित
Punjab News Live -PNL
September 20, 2026
अमृतसर, ताजा खबर, पंजाब, होम
अमृतसर, (PNL): श्री अकाल तख्त साहिब के सचिवालय में आज पांच सिंह साहिबान की अहम बैठक हुई। बैठक में SGPC सदस्य अमरजीत सिंह चावला के खिलाफ लगाए गए गंभीर आरोपों पर विचार किया गया। विचार-विमर्श के बाद श्री अकाल तख्त साहिब की फसील से उनके खिलाफ धार्मिक कार्रवाई का फैसला सुनाया गया।
पांच सिंह साहिबान ने अमरजीत सिंह चावला को खालसा पंथ से खारिज कर दिया। फैसले के मुताबिक, जब तक वह इस मामले में निर्दोष साबित होकर श्री अकाल तख्त साहिब के समक्ष पेश नहीं होते, तब तक उन पर यह कार्रवाई लागू रहेगी।
अकाल तख्त साहिब की ओर से सिख संगत को निर्देश दिया गया है कि अमरजीत सिंह चावला के साथ किसी भी प्रकार का धार्मिक या सामाजिक संबंध न रखा जाए। साथ ही उनके किसी भी सिख धार्मिक संस्था में पद संभालने या धार्मिक सेवा करने पर रोक लगा दी गई है।
बैठक में श्री केसगढ़ साहिब के ड्राइवर मलकीत सिंह के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। उस पर अश्लील चैट करने के आरोपों को लेकर उसे भी पंथ से निष्कासित करने का फैसला सुनाया गया। दोनों के संबंध में धार्मिक संस्थाओं को आदेशों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
श्री अकाल तख्त साहिब की ओर से SGPC सहित सभी सिख धार्मिक संस्थाओं, जत्थेबंदियों और संप्रदायों के सदस्यों को अपना चरित्र और आचरण साफ रखने की हिदायत दी गई। जत्थेदार ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति के आचरण को लेकर गंभीर सवाल हों तो संबंधित लोगों और संस्थाओं को उससे दूरी बनानी चाहिए, ताकि किसी धार्मिक संस्था की प्रतिष्ठा प्रभावित न हो।
आज की बैठक में कार्यकारी जत्थेदार एवं तख्त श्री केसगढ़ साहिब के जत्थेदार कुलदीप सिंह गड़गज, श्री हरमंदिर साहिब के ग्रंथी ज्ञानी केवल सिंह, तख्त श्री दमदमा साहिब के जत्थेदार ज्ञानी टेक सिंह, श्री अकाल तख्त साहिब के ग्रंथी ज्ञानी गुरबख्शीश सिंह और पांच प्यारे भाई मंगल सिंह मौजूद रहे।
बैठक के बाद अकाल तख्त की फसील से फैसला सुनाया गया। इसमें कहा गया कि अमरजीत सिंह चावला पर बज्र कुरहित (महापाप) से जुड़े गंभीर आरोप लगे हैं। सिख रहित मर्यादा के अनुसार चार बज्र कुरहितों में से किसी एक के लिए दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति को सिखी से खारिज माना जाता है।