ब्रेकिंग : लुधियाना में रेत कारोबारी और उसकी बेटी पर बदमाशों ने चलाईं गोलियां, एक गोली लड़की की गर्दन में फंसी, पढ़ें
Punjab News Live -PNL
October 29, 2026
ताजा खबर, पंजाब, लुधियाना, होम
लुधियाना, (PNL) : पंजाब के लुधियाना में गुरुवार तड़के फायरिंग की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। एल्डिको चौकी के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने कार में सवार रेत कारोबारी और उनकी बेटी पर गोलियां चला दीं। इस हमले में फिरोजपुर निवासी रेत कारोबारी जसपाल और उनकी बेटी प्रिया गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए लुधियाना के DMC अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
सुबह 4 बजे वारदात, कार को घेरकर चलाईं गोलियां
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, जसपाल अपनी बेटी प्रिया के साथ कार में सवार होकर अपनी बहन से मिलने के बाद घर लौट रहे थे। इसी दौरान सुबह करीब 4 बजे एल्डिको चौकी के पास बाइक पर आए तीन युवकों ने उनकी कार को घेर लिया और फायरिंग शुरू कर दी।
हमलावरों ने कार के सामने से दो गोलियां चलाईं। पहली गोली कार के बोनट पर लगी, जबकि दूसरी गोली जसपाल की छाती को छूते हुए उनकी बेटी प्रिया की गर्दन में जा लगी।
वारदात के बाद फरार हुए आरोपी, पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस वारदात स्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।
फिलहाल, पिता-पुत्री का DMC अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस उनके बयान दर्ज करने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई करेगी। हमले के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।