नई दिल्ली, (PNL) : एटलस साइकिल के पूर्व अध्यक्ष सलिल कपूर ने मंगलवार को डॉक्टर एपीजे अब्दुल कलाम लेन स्थित अपने आवास पर आत्महत्या कर ली है। दिल्ली पुलिस ने जानकारी दी है कि सलिल ने अपने घर में खुद को गोली मारकर खुदकुशी की है। मौके पर एसएफएल की टीम पहुंची गई है और जांच में जुट गई है। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। इसमें कुछ लोगों पर उत्पीड़न का आरोप लगाया गया है।
पुलिस अधिकारी के अनुसार, कपूर ने लाइसेंसी रिवॉल्वर से अपने सिर में गोली मारी। उन्होंने बताया कि घटनास्थल से बरामद एक नोट में एटलस साइकिल्स के पूर्व अध्यक्ष ने कथित तौर पर अपने ऊपर ‘वित्तीय बोझ’ का उल्लेख किया है। सलिल कपूर के शव को पुलिस ने कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने आत्महत्या की धारा में मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है।
पत्नी और बच्चों से अलग रहते थे कपूर
पुलिस अधिकारी ने बताया कि उनकी पत्नी और तीन बच्चे अलग रहते हैं। कपूर के मैनेजर और उनका परिवार तीन मंजिला इमारत में उनके साथ रहता था। घटना के बाद कपूर को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।