जालंधर : फ्रेंड्स कॉलोनी और हरगोबिंद नगर में लोक मिलनी, मेयर वनीत धीर ने सुनीं लोगों की समस्याएं
Punjab News Live -PNL
October 19, 2026
जालंधर, ताजा खबर, पंजाब, होम
जालंधर, (PNL) : जालंधर में लोगों की समस्याओं को सुनने और उनके समाधान के लिए मेयर वनीत धीर ने फ्रेंड्स कॉलोनी और वार्ड नंबर 02 के हरगोबिंद नगर में लोक मिलनी की। इस दौरान उन्होंने स्थानीय निवासियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं, जरूरतों और सुझावों की जानकारी ली। साथ ही क्षेत्र में विकास कार्यों और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की गई।
फ्रेंड्स कॉलोनी में आयोजित लोक मिलनी के दौरान मेयर वनीत धीर ने फ्रेंड्स कॉलोनी रेजिडेंट्स वेलफेयर सोसायटी के सदस्यों और स्थानीय निवासियों के साथ बातचीत की। इस दौरान लोगों ने अपने क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दे उठाए और विकास कार्यों को लेकर अपने सुझाव दिए।
इसके बाद मेयर वनीत धीर हरगोबिंद नगर पहुंचे, जहां उन्होंने क्षेत्रवासियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को समझा। उन्होंने लोगों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर चर्चा करते हुए उनके समाधान के लिए जरूरी कदम उठाने का भरोसा दिया।
लोक मिलनी से जनता को अपनी बात रखने का मिलता है अवसर: वनीत धीर

इस अवसर पर मेयर वनीत धीर ने कहा कि लोक मिलनी का मुख्य उद्देश्य लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुनना और उनके समाधान के लिए प्रयास करना है। इस पहल के माध्यम से आम नागरिक अपनी बात सीधे जनप्रतिनिधियों तक पहुंचा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार लोगों की जरूरतों के अनुसार विकास कार्यों को आगे बढ़ाने और नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। क्षेत्र के विकास में स्थानीय निवासियों की भागीदारी और उनके सुझावों की अहम भूमिका है।
मेयर ने कहा कि जनता के साथ सीधा संवाद बनाए रखने से जमीनी स्तर पर सामने आने वाली समस्याओं को बेहतर तरीके से समझने में मदद मिलती है। लोगों की सेवा करना, बुनियादी सुविधाओं में सुधार लाना और शहर का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि लोक मिलनी के दौरान लोगों द्वारा उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से लिया जाएगा और उनके समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।
कई गणमान्य व्यक्ति रहे मौजूद
इस मौके पर पंजाब एनर्जी जनरेशन लिमिटेड के वाइस चेयरमैन जिम्मी शेखर कालिया, पंजाब खादी बोर्ड के उप चेयरमैन पवन कुमार हंस, सोसायटी के चेयरमैन कुलदीप संधर, प्रधान हरजीत सिंह बेदी, महासचिव संदीप जोशी के अलावा अन्य पदाधिकारी और आम आदमी पार्टी के नेता भी मौजूद रहे।