जालंधर में नशे समेत युवक गिरफ्तार:हेरोइन-अवैध पिस्टल और 4 कारतूस बरामद; बैग में लेकर आ रहा था, पुलिस को देखते ही भागा
Punjab News Live -PNL
September 15, 2026
जालंधर, ताजा खबर, पंजाब
जालंधर , (PNL) : जालंधर पुलिस ने एक युवक को नशे समेत गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 10 ग्राम हेरोइन, एक मैगजीन, एक अवैध पिस्टल और 4 कारतूस बरामद किए गए हैं। आरोपी की पहचान अंशु ओबेरॉय पुत्र सचिन मकान नंबर 03, वाल्मीकि मोहल्ला, दकोहा (रामा मंडी) के रूप में हुई है।
आरोपी को दकोहा के छिड़वा से डायमंड सिटी कॉलोनी की तरफ जाने वाले रास्ते पर पकड़ा गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 21-B/61/85 और आर्म्स एक्ट की धारा 25-54-59 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
गश्त के दौरान भागने की कोशिश दकोहा चौकी के इंचार्ज SI सुखदेव सिंह की पुलिस टीम इलाके में सोमवार को नशीले पदार्थों और संदिग्धों की चेकिंग के लिए गश्त पर थी। छिड़वा गांव से डायमंड सिटी की तरफ एक युवक कंधे पर काला साइड बैग लटकाए पैदल आ रहा था। पुलिस को देखते ही वह घबराकर पीछे मुड़कर भागने लगा। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे मौके पर ही काबू कर लिया।
कानूनी प्रक्रिया के तहत हुई तलाशी पुलिस ने आरोपी को धारा-50 NDPS एक्ट का नोटिस देकर उसके बैग की तलाशी ली। बैग की जिप खोलने पर अंदर से लिफाफे में 10 ग्राम हेरोइन (ड्रग डिटेक्शन किट से पुष्टि की गई) और एक अवैध सिल्वर रंग की पिस्टल, मैगजीन व 4 कारतूस बरामद हुए। आरोपी पिस्टल का कोई भी वैध लाइसेंस या दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
थाना रामा मंडी में मामला दर्ज पुलिस ने बरामद नशीला पदार्थ और अवैध हथियार कब्जे में लेकर आरोपी अंशु ओबेरॉय के खिलाफ थाना रामा मंडी में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है कि वह यह खेप कहां से लाया था और किसे देने जा रहा था।