होशियारपुर में खेतों में फिर दिखा तेंदुआ:टॉर्च और शोर मचा लोगों ने भगाया; रात को काम से लौटने वालों में दहशत
Punjab News Live -PNL
October 27, 2026
ताजा खबर, पंजाब, होशियारपुर
होशियारपुर , (PNL) : होशियारपुर जिले के गांव विच्छोही में सोमवार देर रात तेंदुआ दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। खेतों के पास झाड़ियों में घूम रहे तेंदुए को लोगों ने टॉर्च की रोशनी दिखाकर और शोर मचाकर भगाया। गांव और आसपास के इलाकों में पहले भी तेंदुआ देखे जाने के कारण लोग चिंतित हैं। उन्होंने वन विभाग से रात में गश्त बढ़ाने और तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की है।ग्रामीणों के अनुसार, रात के समय कुछ लोग खेतों के पास मौजूद थे। इसी दौरान उन्हें झाड़ियों के नजदीक तेंदुआ दिखाई दिया। लोगों ने तुरंत टॉर्च की रोशनी डाली और शोर मचाना शुरू कर दिया। इससे तेंदुआ खेतों की ओर भागकर अंधेरे में ओझल हो गया।
ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुआ अक्सर रात के समय भोजन और शिकार की तलाश में खेतों व रिहायशी इलाकों के आसपास घूमता है। उसकी आवाजाही से किसानों, खेतों में काम करने वाले मजदूरों और रात में सफर करने वाले राहगीरों में डर बना हुआ है। सुरक्षा के मद्देनजर लोगों ने रात में खेतों की ओर जाना भी कम कर दिया है।ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से संवेदनशील इलाकों में रात के समय गश्त बढ़ाने की अपील की है। साथ ही, तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने के लिए जल्द पिंजरा लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते उचित कदम उठाए जाएं, ताकि किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।