2027 चुनाव की तैयारी, इलेक्शन कमीशन की टीम पंजाब पहुंची:चंडीगढ़ में CEO संग मीटिंग, सभी जिलों में भी जाएगी
Punjab News Live -PNL
October 27, 2026
ताजा खबर, पंजाब, लुधियाना
लुधियाना , (PNL) : पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले की प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां लगभग आखिरी चरण में पहुंच गई हैं। चुनाव तैयारियों का जाजया लेने के लिए इलेक्शन कमीशन ऑफ इंडिया (ECI) के सीनियर अफसरों की टीम पंजाब के दौरे पर पहुंच गई है।आयोग की यह 10 सदस्यीय टीम आज (27 अक्टूबर) और कल (28 अक्टूबर) राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव की प्रशासनिक व सुरक्षा संबंधी तैयारियों का जमीनी स्तर पर जायजा ले रही है।वरिष्ठ उप-चुनाव आयुक्तों और महानिदेशकों के नेतृत्व में पहुंची यह टीम पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) और राज्य प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों के साथ अहम बैठकें करेगी।समीक्षा बैठकों की शुरुआत चंडीगढ़ स्थित मुख्यालय से की जा रही है, जिसके बाद चुनाव आयोग के अफसर विभिन्न जिलों का दौरा कर कानून-व्यवस्था, मतदाता सूची के पुनरीक्षण और पोलिंग बूथों पर मिलने वाली व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण करेंगे। चुनाव की घोषणा से पहले आयोग की इस टीम का दौरा बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
चंडीगढ़ में पावर प्रेजेंटेशन, जिलों में ऑन-ग्राउंड रिव्यू
-
CEO देंगी प्रेजेंटेशन: चुनाव आयोग के सचिव सुमन कुमार दास की ओर से जारी निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) और संबंधित विभागों के साथ होने वाली मीटिंग में CEO आनंदिता मिश्रा मिनट-टू-मिनट प्रेजेंटेशन देंगी।
-
प्रशासनिक व सुरक्षा समीक्षा होगी: चंडीगढ़ में होने वाली बैठकों में राज्य के गृह सचिव, पुलिस महानिदेशक (DGP) और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के प्रमुख शामिल होंगे, जहां संवेदनशील क्षेत्रों और सुरक्षा बलों की तैनाती पर चर्चा होगी।
-
जिला स्तर पर व्यवस्था की जांच: केंद्रीय टीम जिलों के डिप्टी कमिश्नरों (DC) और SSP के साथ सीधा संवाद करेगी। इसके लिए टीमें अलग-अलग जिलों का दौरा भी करेंगी। आयोग की टीमों का मुख्य फोकस उन जिलों पर रहेगा जहां संवेदनशील बूथ ज्यादा हैं।
पिछली बार 24 दिन बाद हुई थी चुनाव की घोषणा
टीम के दौरे के बाद पंजाब में चुनाव की घोषणा की जा सकती है। फिलहाल, कयास लगाए जा रहे हैं कि अगर तय टाइम रहा तो चुनाव की घोषणा 15 दिसंबर के बाद होगी। इसमें फरवरी में वोटिंग कराई जा सकती है। हालांकि, अगर 2022 के चुनाव का ट्रेंड देखें तो चुनाव आयुक्तों के दौरे के कुछ दिनों बाद ही घोषणा कर दी गई थी। तब आयोग की टीम 15–16 दिसंबर 2021 में पंजाब आई थी। इसके 24 दिन बाद 8 जनवरी 2022 को चुनाव की घोषणा कर दी गई थी। 20 फरवरी को वोटिंग के बाद 10 मार्च को काउंटिंग हुई थी। पंजाब में CM का कार्यकाल मार्च महीने तक का है। इससे पहले सारी प्रक्रिया पूरी करवा ली जाएगी।