लुधियाना में लोगों की भीड़ ने तोड़ी क्रेटा:सड़क हादसे में बोनट पर घसीटा था युवक,ईंट-पत्थर भी चले
Punjab News Live -PNL
October 26, 2026
ताजा खबर, पंजाब, लुधियाना
लुधियाना , (PNL) : लुधियाना के चंद्र नगर इलाके के अंतर्गत आते हरगोबिंद नगर में एक मामूली सड़क हादसे ने भयंकर विवाद का रूप ले लिया। एक क्रेटा कार और ई-रिक्शा के बीच हुई मामूली टक्कर के बाद दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई और नौबत ईंट-पत्थर चलने तक आ गई।क्रेटा के ड्राइवर को पीटने के लिए कुछ लोग उसके पीछे पड़ गए। खुद का बचाव करने के लिए जब ड्राइवर ने गाड़ी भगाई तो एक व्यक्ति कार के बोनट पर लटक गया जिसे ड्राइवर काफी दूर तक घसीट कर ले गया।कुछ दूरी पर जब कार रुकी तो लोगों ने जमकर क्रेटा कार की तोड़फोड़ की। गाड़ी तोने की वीडियो भी सामने आई है। लोगों की भीड़ ने ड्राइवर को घेर लिया और जमकर तोड़फोड़ की।
कार के बोनट पर लटका व्यक्ति और पीछे भाग रही भीड़।
मामूली टक्कर से शुरू हुई बहस जानकारी के मुताबिक क्रेटा कार में एक परिवार सवार था जबकि ई-रिक्शा में चालक और एक सवारी मौजूद थी। टक्कर के बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई जो जल्द ही हिंसक झड़प और मारपीट में बदल गई।
कार सवार व्यक्ति की पत्नी ने कहा कि बड़ी संख्या में लोगों ने उसके पति व बच्चों को गाड़ी में घेर लिया। यदि वह खुद अपने बच्चों और पति को बचाने के लिए आगे ना आती तो आज उसके पति और बच्चों की जान चली जाती। घटना स्थल पर लोगों ने जमकर गुंडागर्दी की है। घटन स्थल पर 2 घंटे तक पुलिस नहीं आई।
जान बचाने के लिए बोनट पर घसीटा विवाद बढ़ने पर वहां मौजूद लोगों ने कार में तोड़फोड़ शुरू कर दी। भीड़ के हमले से बचने के लिए कार चालक ने गाड़ी भगाई इस दौरान एक व्यक्ति कार के बोनट पर गिर गया। चालक उसी हालत में उसे करीब 500 मीटर तक बोनट पर ही घसीटता हुआ ले गया।भागती हुई कार और चालक को रोकने के लिए पीछे से कुछ लोगों ने ईंटें और पत्थर भी बरसाए जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत हरकत में आई। मामले की जानकारी देते हुए चौकी जगतपुरी के इंचार्ज सुखजिंदर ने बताया कि फिलहाल पुलिस द्वारा दोनों पक्षों से गहनता से पूछताछ की जा रही है। जांच में जो भी पक्ष गलत पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।