लुधियाना में दिनदहाड़े बुजुर्ग महिला से स्नेचिंग:बदमाशों ने दीवार में मारा सिर; गर्दन पर दातर रखकर पौने 2 तोले की चेन लूटी
Punjab News Live -PNL
October 23, 2026
ताजा खबर, पंजाब, लुधियाना
लुधियाना , (PNL) : लुधियाना के न्यू राजगुरु नगर में बदमाशों ने एक बुजुर्ग महिला को निशाना बनाया। घटना कल दोपहर की है। घर के बाहर निकली 60 वर्षीय भूपिंदर कौर को बाइक सवार बदमाशों ने घेर लिया। आरोप है कि लुटेरों ने उनकी गर्दन पर दातर रखकर करीब पौने 2 तोले की चेन झपट ली। विरोध करने और शोर मचाने पर बदमाश महिला को धक्का देकर फरार हो गए।भूपिंदर कौर के भांजे करनजीत सिंह ने बताया कि उनकी मौसी घर के बाहर किसी काम से निकली थीं। इसी दौरान बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। उनके मुताबिक, कुछ दूरी पर दो अन्य लुटेरे भी बाइक लेकर खड़े थे।
बदमाशों ने भूपिंदर कौर का सिर पकड़कर जोर से दीवार से मारा और उनकी गर्दन पर दातर रख दी। इसके बाद गले में पहनी करीब पौने 2 तोले की सोने की चेन झपटकर फरार हो गए।करनजीत सिंह के अनुसार, वारदात के दौरान उनकी मौसी ने काफी शोर मचाया, लेकिन हथियारों से लैस बदमाशों के डर से कोई मदद के लिए आगे नहीं आया। वारदात के बाद से इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है।गौरतलब है कि 2 दिन पहले BRS आई ब्लॉक में एक्टिवा सवार रजनी से बाइक सवार बदमाशों ने 3 तोले की चेन झपट ली थी। इस दौरान महिला सड़क पर गिर गई थीं, जिससे उनके चेहरे और पैर पर काफी चोटें आई थीं।इस मामले में डीसीपी सिटी आलम विजय ने कहा कि वह अभी इन मामलों को चेक करवा रहे है कि स्नेचिंग के क्या कारण है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।