फिल्लोर नेशनल हाईवे पर ओवरटेक के दौरान भिड़ीं दो गाड़ियां:डिवाइडर उखाड़कर दूसरे रोड पर पलटीं, कार सवार गंभीर रुप से घायल
Punjab News Live -PNL
October 28, 2026
जालंधर, ताजा खबर, पंजाब
जालंधर , (PNL) : जालंधर के फिल्लोर में नेशनल हाईवे (NH-44) पर गोराया से लुधियाना की ओर जा रही दो गाड़ियां (एक पिकअप बोलेरो और एक कार) ओवरटेक करने के प्रयास में आपस में बुरी तरह टकरा गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ियां डिवाइडर पर लगे पेड़ों को उखाड़ते हुए सड़क के दूसरी तरफ (फिल्लोर से गोराया जाने वाले मार्ग) पर जाकर पलट गईं। इस हादसे में कार सवार दो लोगों में से एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे प्राथमिक इलाज के बाद जालंधर रेफर किया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स (SSF) और एनएच-44 के अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। यह घटना फिल्लोर नेशनल हाईवे पर हुई। जालंधर से सामान लोड करके यूपी (लखनऊ) जा रहे बोलेरो पिकअप के चालक कमल ने बताया कि हादसा ओवरटेक करने की वजह से हुआ।चालक के मुताबिक, कार सवार लोग पिछले 1-2 किलोमीटर से लगातार कट मार रहे थे। आगे चल रहे एक ट्रक को ओवरटेक करने के चक्कर में कार अचानक पिकअप के आगे आ गई। दोनों गाड़ियों की रफ्तार 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा के करीब थी। ओवरटेक के दौरान कार अनियंत्रित हो गई और पिकअप से टकराकर पलट गई, जिससे पिकअप का संतुलन भी बिगड़ गया।
टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों गाड़ियां डिवाइडर पर लगे पेड़-पौधों को रौंदते हुए हाईवे की दूसरी लेन पर जा गिरीं। गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए और सड़क पर चारों तरफ कांच और गाड़ी के कलपुर्जे बिखर गए। हादसे के बाद बोलेरो पिकअप के चारों पहिए ऊपर की ओर हो गए, जबकि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई।घटना की जानकारी मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स (SSF) की टीम और ड्यूटी अफसर जसविंदर सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत राहत व बचाव कार्य शुरू किया।ड्यूटी अफसर ने बताया कि कार में दो लोग सवार थे। उनमें से एक व्यक्ति को गंभीर चोटें आई हैं। उसे तुरंत फिल्लोर के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए जालंधर के बड़े अस्पताल में रेफर कर दिया है। राहत की बात यह रही कि हादसे में फिलहाल किसी की जान नहीं गई है।हादसे के बाद हाईवे पर यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम ने गाड़ियों को साइड करवाने और स्थिति को संभालने का काम किया। वहीं, पिकअप चालक अपनी गाड़ी में रखा कीमती सामान निकालता हुआ नजर आया। पुलिस और हाईवे प्रशासन मामले की जांच कर रहे हैं।