फर्जी नंबर प्लेट लगाकर स्कॉर्पियो से शराब की तस्करी:सीआईआई ने 20 पेटी व्हिस्की और देसी की बोतल के साथ एक को पकड़ा, एक फरार
Punjab News Live -PNL
October 23, 2026
ताजा खबर, पंजाब, लुधियाना
लुधियाना , (PNL) : लुधियाना के जगराओं में जाली नंबर प्लेट लगाकर लग्जरी गाड़ियों से शराब तस्करी करने वाले गिरोह पुलिस के हत्थे चढ़ा है। सीआईए स्टाफ ने जाली नंबर लगी स्कॉर्पियो को पकड़ कर 20 पेटी शराब बरामद की और एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जबकि एक आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहा।
फरार आरोपी की पहचान मनीष के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी चंडीगढ़ और लुधियाना की तरफ से शराब लाकर जगराओं में सप्लाई करते थे। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले भी शराब तस्करी के तीन मामले दर्ज हैं। पुलिस दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। इसके साथ ही इस पूरे नेटवर्क की तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
सीआईए स्टाफ के एएसआई बलविंदर सिंह ने बताया कि वह पुलिस पार्टी के साथ कच्चा मलक रोड पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें गुप्त सूचना मिली कि दीपांकर बांसल उर्फ दीपक बांसल निवासी शास्त्री नगर, जगराओं और पारस उर्फ मनीष निवासी अगवाड़ गुजरा, जगराओं शराब तस्करी का धंधा करते हैं। दोनों चंडीगढ़ और लुधियाना की तरफ से शराब लाकर शहर में सप्लाई करते हैं।
सूचना के मुताबिक, दोनों आरोपी स्कॉर्पियो पर जाली नंबर प्लेट लगाकर शराब लेकर लुधियाना की तरफ से जगराओं आ रहे थे और अलीगढ़ के नजदीक कोठे खूजरा वाले रास्ते से शहर में दाखिल होने वाले थे। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए श्मशानघाट के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोक लिया।
पुलिस के मुताबिक, स्कॉर्पियो पर पीबी-33-डी-0123 नंबर लिखा हुआ था। पुलिस ने चालक से गाड़ी के दस्तावेज मांगे, लेकिन वह दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने गाड़ी की तलाशी ली तो उसमें से रॉयल स्टैग एक्सक्विजिट व्हिस्की की 16 पेटियां और देसी शराब की चार पेटियां बरामद हुईं। कुल 20 पेटियां शराब मिलने के बाद पुलिस ने गाड़ी चला रहे दीपांकर बांसल उर्फ दीपक बांसल को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि वह बाहर से शराब लाकर जगराओं पहुंचाता था, जबकि उसका साथी पारस उर्फ मनीष शहर में शराब की सप्लाई करता था। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सिटी जगराओं में मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी के अनुसार, दीपांकर बांसल के खिलाफ पहले भी शराब तस्करी के तीन मामले दर्ज हैं। दूसरा आरोपी मनीष फिलहाल फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।