जालंधर में ट्रैक्टर-मोटरसाइकिल की टक्कर में युवक की मौत:5 बहनों का इकलौता भाई था नवी; रॉन्ग साइड आ रहे ट्रैक्टर से टकराई बाइक
Punjab News Live -PNL
October 26, 2026
जालंधर, ताजा खबर, पंजाब
जालंधर , (PNL) : जालंधर के गोराया में चीमा खुर्द गेट के पास ट्रैक्टर और मोटरसाइकिल की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव लल्लियां निवासी नवी पुत्र दूनी चंद के रूप में हुई है। वह 5 बहनों का इकलौता भाई था।पुलिस ने ट्रैक्टर कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। नवी रविवार देर रात मोटरसाइकिल पर जा रहा था। इसी दौरान चीमा खुर्द गेट के पास उसकी बाइक की ट्रैक्टर से टक्कर हो गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों की मदद से उसे अस्पताल ले जाने का प्रयास किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों और राहगीरों के अनुसार, हादसे के समय ट्रैक्टर की केवल एक लाइट जल रही थी। ट्रैक्टर चालक के कथित तौर पर गलत दिशा से आने की बात भी सामने आई है। अंधेरे में नवी को ट्रैक्टर दिखाई नहीं दिया और दोनों वाहनों की टक्कर हो गई। हादसे की पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद होने की बात कही जा रही है।चौकी इंचार्ज अवतार सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों के बयानों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर हादसे के कारणों का पता लगा रही है।