अमृतसर में निहंग की हत्या:सीने पर गोली मारी, सुनसान इलाके में मिली लाश; रखड़ पुण्या मेले में आया था
Punjab News Live -PNL
August 29, 2026
अमृतसर, ताजा खबर, पंजाब
अमृतसर , (PNL) : अमृतसर में देर रात एक निहंग की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उसके सीने में कई फायर किए गए। निहंग बाबा बकाला साहिब में चल रहे प्रसिद्ध रखड़ पुण्या मेले में शुक्रवार को पहुंचे थे।निहंग का शव बाबा बकाला सिविल अस्पताल के पीछे सुनसान इलाके से मिला, जिसके सीने पर गोलियों के निशान थे। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और केस दर्ज किया। पुलिस अब हत्या की वजह का पता लगाने के लिए आसपास की CCTV फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी है।
मृतक की पहचान गांव मिगलानी निवासी सरबजीत सिंह के बेटे राजा सिंह के रूप में हुई है। वह मेला देखने पहुंचे थे। शव मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल की जांच की। सीने पर गोली के निशान मिले हैं। इससे साफ है कि राजा सिंह पर बेहद नजदीक से फायरिंग की गई।पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मेले के दौरान राजा सिंह किन लोगों के संपर्क में था और आखिरी बार उसे किसके साथ देखा गया था। पुरानी रंजिश समेत हत्या से जुड़े दूसरे पहलुओं को भी जांच में शामिल किया गया है।
राजा सिंह की हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। शव को सिविल अस्पताल के पीछे सुनसान इलाके में छोड़ दिया गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास का इलाका खंगाला।पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। मेले के आसपास और घटनास्थल की ओर आने-जाने वाले रास्तों की रिकॉर्डिंग देखी जा रही है। साथ ही राजा सिंह के परिवार और परिचितों से पूछताछ की जाएगी। पुलिस यह भी पता लगाएगी कि उसका किसी के साथ विवाद चल रहा था या नहीं।
इससे पहले 26 जुलाई की रात लुधियाना के बाहरला गुरुद्वारा साहिब में मीरी-पीरी दिवस के समागम के दौरान दो निहंग सिंहों के बीच विवाद हो गया था। देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया और एक निहंग सिंह ने दूसरे पर दस्ती किरपान से हमला कर दिया।हमले में सोहण सिंह ने सोनू की गर्दन पर दस्ती किरपान से वार किया था। गंभीर चोट लगने के कारण सोनू की मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी सोहण सिंह हरियाणा के फतेहाबाद का रहने वाला बताया गया था। इस घटना के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की थी।