लुधियाना में AR इंटरप्राइजेज में 25 लाख की चोरी:रेलवे ट्रैक के रास्ते बिल्डिंग में घुसे चोर,CCTV की तारें काटीं; लॉकर तोड़कर कैश ले गए
Punjab News Live -PNL
September 26, 2026
ताजा खबर, पंजाब, लुधियाना
लुधियाना , (PNL) : लुधियाना के मंजू सिनेमा के पास जंडू टावर में चोरों ने एआर इंटरप्राइजेज के ऑफिस में बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर रेलवे ट्रैक के रास्ते बिल्डिंग में दाखिल हुए और ऑफिस के बाहर लगे CCTV कैमरों की तारें काट दीं। इसके बाद शटर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और अलमारी का लॉकर तोड़कर करीब 20 से 25 लाख रुपए की नकदी चोरी कर फरार हो गए।वारदात के दौरान बदमाशों ने CCTV कैमरा भी तोड़कर फेंक दिया। चोरी के बाद भागते समय उन्होंने बिल्डिंग में स्थित एक अन्य CA के ऑफिस में भी घुसने की कोशिश की। वहां बदमाश दरवाजे का ताला तोड़ने में सफल रहे, लेकिन अंदर से कोई सामान चोरी कर पाए या नहीं, इसकी जांच की जा रही है।
AR इंटरप्राइजेज के मालिक कमल शर्मा ने बताया कि सुबह उनके चपड़ासी ने फोन कर जानकारी दी कि ऑफिस का ताला टूटा हुआ है। अंदर जाकर देखा तो अलमारी के ताले भी टूटे हुए थे और पूरा सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद वह मौके पर पहुंचे तो ऑफिस में चोरी होने का पता चला।कमल शर्मा ने बताया कि उनकी फर्म शैलर में इस्तेमाल होने वाली मशीनों की बिक्री और सर्विस का काम करती है। उनके मुताबिक ऑफिस में करीब 20 से 25 लाख रुपए की नकदी रखी हुई थी, जिसे चोर चोरी कर ले गए।
कमल शर्मा के मुताबिक शुरुआती जांच में सामने आया है कि चोर रात करीब 3 बजे के बाद रेलवे ट्रैक की तरफ से बिल्डिंग में दाखिल हुए। उन्होंने सबसे पहले CCTV कैमरों की तारें काटीं और कैमरे को तोड़कर फेंक दिया। इसके बाद ऑफिस का शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया और अलमारी का लॉकर तोड़कर नकदी निकाल ली।घटना की सूचना मिलने के बाद मिल्लरगंज चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की जांच के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया। टीम ने अलमारी और टूटे हुए तालों से फिंगरप्रिंट समेत अन्य सबूत जुटाए हैं। पुलिस आसपास लगे अन्य CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान के लिए जांच की जा रही है और जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा। फिलहाल मिल्लरगंज चौकी पुलिस मामले की जांच में जुटी है।