गुलाब सिद्धू के घर फायरिंग केस में बड़ी गिरफ्तारी, सिद्धू मूसेवाला के पूर्व मैनेजर के पिता सौदागर सिंह गिरफ्तार
Punjab News Live -PNL
September 26, 2026
ताजा खबर, पंजाब, लुधियाना, होम
लुधियाना, (PNL): पंजाबी गायक गुलाब सिद्धू के पैतृक घर पर हुई फायरिंग के मामले में बरनाला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सौदागर सिंह को गिरफ्तार किया है। सौदागर सिंह, दिवंगत पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के पूर्व मैनेजर शगनप्रीत सिंह के पिता हैं।
जानकारी के मुताबिक, सौदागर सिंह गुरुवार को खन्ना के प्रेम वैष्णो ढाबे पर हुए एक फायरिंग मामले में अदालत में पेशी के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान बरनाला पुलिस की टीम ने उन्हें हिरासत में ले लिया। इसके बाद खन्ना सिटी थाना पुलिस को इसकी जानकारी दी गई और DDR दर्ज की गई। फिलहाल बरनाला पुलिस सौदागर सिंह से पूछताछ कर रही है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि शगनप्रीत सिंह के माता-पिता को इससे पहले खन्ना में फायरिंग और फिरौती से जुड़े मामलों में गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं, हाईकोर्ट ने हाल ही में खन्ना पुलिस से जुड़े तीन मामलों की जांच DIG स्तर के अधिकारी से करवाने के निर्देश दिए थे।
क्या है गुलाब सिद्धू के घर फायरिंग का पूरा मामला?
घटना 12-13 सितंबर की दरमियानी रात करीब 1:30 से 2 बजे के बीच की बताई जा रही है। गांव फरवाही स्थित गुलाब सिद्धू के पैतृक घर के बाहर बाइक सवार तीन युवक पहुंचे। आरोप है कि बाइक रुकते ही बीच में बैठे युवक ने पिस्टल निकालकर घर पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पीछे बैठे युवक ने भी गोलियां चलाईं, जबकि बाइक चला रहे तीसरे युवक ने पूरी घटना का वीडियो बनाया।
घटना के समय गुलाब सिद्धू घर पर मौजूद नहीं थे। सामने आए वीडियो में तीन युवक बाइक पर घर की तरफ आते हुए दिखाई दे रहे हैं।
जनवरी में भी हुआ था हमले का प्रयास
इससे पहले 10 जनवरी 2026 को बरनाला पुलिस ने गुलाब सिद्धू पर हमले की कथित साजिश के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार, इस मामले का मुख्य साजिशकर्ता कोटदूना गांव का सरपंच बलजिंदर सिंह उर्फ किंदा था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी गुलाब सिद्धू के गाने ‘सरपंचियां’ के बोलों से नाराज था और उसने सोशल मीडिया के जरिए गायक को धमकी भी दी थी। आरोप था कि आरोपी एक लाइव शो के दौरान गुलाब सिद्धू पर हमला करने की फिराक में थे।
धमकियों के बाद मिली सुरक्षा
सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद पंजाब के कई गायकों की सुरक्षा की समीक्षा की गई थी। गुलाब सिद्धू को भी लगातार फिरौती के फोन और जान से मारने की धमकियां मिलने की बात सामने आई थी। सुरक्षा इनपुट के आधार पर पंजाब पुलिस ने उन्हें दो सुरक्षाकर्मी उपलब्ध करवाए हैं।