जालंधर-बेटी को बचाने दौड़े पिता की ट्रेन से कटकर मौत:सिटी रेलवे स्टेशन पर हादसा; प्लेटफॉर्म पर सामान खरीदने के लिए उतरे थे
Punjab News Live -PNL
September 17, 2026
जालंधर, ताजा खबर, पंजाब
जालंधर , (PNL) : जालंधर रेलवे स्टेशन पर एक हादसे में बेटी को बचाने के प्रयास में चलती ट्रेन की चपेट में आने से 45 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान विष्णु गार्डन निवासी शमशेर सिंह संधू के रूप में हुई है, जो अपने परिवार के साथ ब्यास जाने के लिए निकले थे।हादसा बुधवार दोपहर 12:57 बजे स्टेशन पर हुआ। यहां सामान लेने उतरे पिता ट्रेन अचानक चलने के कारण हादसे का शिकार हो गए। पुलिस ने सिविल अस्पताल में पोस्टमॉर्टम करवाया जा रहा है। इसके बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया जाएगा।जानकारी के अनुसार, शमशेर सिंह संधू (45) ब्यास जाने के लिए ट्रेन में सवार हुए थे। दोपहर लगभग 12:57 बजे जब ट्रेन जालंधर स्टेशन पर रुकी, तो वे प्लेटफॉर्म पर कुछ जरूरी सामान खरीदने के लिए नीचे उतरे। वे सामान ले ही रहे थे कि अचानक ट्रेन चलने लगी।
जालंधर स्टेशन पर हादसे में घायल लड़की।
ट्रेन को अचानक चलता देख ब्यास जाने के लिए डिब्बे में मौजूद उनकी बेटी घबरा गई। शमशेर सिंह ने तुरंत दौड़कर बेटी को संभालने और चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास किया। इसी आपाधापी में उनका पैर फिसल गया और वे असंतुलित होकर ट्रेन के नीचे आ गए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना के बाद स्टेशन पर अफरातफरी मच गई। मौके पर मौजूद यात्रियों और रेलवे पुलिस की मदद से उन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की गई। हालांकि, चोटें इतनी गंभीर थीं कि रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया और अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।