शुक्रवार सुबह सोढल इंडस्ट्री एरिया इलाके में बच्चों को स्कूल लेकर जा रही डिप्स सूरानुस्सी की बस बेकाबू होकर एक घर के गेट से टकरा गई। हादसे के समय बस में करीब 10 बच्चे सवार थे। इनमें से एक बच्चे को चोट आई है। टक्कर से बस का फ्रंट मिरर पूरी तरह टूट गया। वहीं, घर का मेन गेट क्षतिग्रस्त हो गया और दीवारों में दरारें आ गईं।
बस ड्राइवर शैली ने बताया कि सुबह करीब 8 बजे वह अंडरब्रिज से इंडस्ट्री एरिया की तरफ बच्चों को लेकर डिप्स सूरानुस्सी जा रही थीं। सोढल इंडस्ट्री एरिया के चौराहे पर अचानक एक तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी सामने आ गई। पिकअप को बचाने के प्रयास में बस अनियंत्रित हो गई और घर के गेट से जा टकराई। हादसा होने पर आस-पास के लोग इकट्ठे हुए व सबसे पहले बच्चों को बस से सुरक्षित बाहर निकाला।
हादसे के समय घर में मौजूद थीं राजवंत कौर : घर की मालकिन राजवंत कौर ने बताया कि हादसे के समय वह घर के अंदर मौजूद थीं। अचानक बस उनके घर के गेट से जा टकराई। इससे गेट टूट गया और दीवारों में दरारें आ गईं। राजवंत कौर ने बताया कि इस चौराहे पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। उन्होंने प्रशासन से यहां स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की है।
बच्चों को दूसरी बस से स्कूल भेजा : हादसे के बाद बस ड्राइवर ने स्कूल प्रबंधन को सूचना दी। इसके बाद दूसरी बस मौके पर भेजी गई और बच्चों को उसमें शिफ्ट कर स्कूल पहुंचाया गया। बस में करीब 10 बच्चे सवार थे। इनमें से एक बच्चे को चोट लगने की जानकारी सामने आई है।
बस ड्राइवर के खिलाफ पुलिस में दी शिकायत :हादसे को लेकर घर की मालकिन ने स्कूल प्रबंधन को बस ड्राइवर के खिलाफ शिकायत दी है। मामले की सूचना थाना नंबर-1 पुलिस को भी दी गई है। स्कूल प्रबंधन का कहना है कि इस संबंध में ट्रांसपोर्ट ड्राइवर इंचार्ज से बात की गई है। मामले को लेकर जल्द मीटिंग रखी गई है।