जालंधर , (PNL) : जालंधर और होशियारपुर में 2 दिन की लगातार बारिश के बाद नुकसान की तस्वीरें सामने आई हैं। जालंधर के मलसियां-शाहकोट रोड पर बने पुल का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। बारिश के कारण पुल का लेंटर टूटकर गिर गया, जिससे उसका सरिया बाहर दिखाई देने लगी है। बारिश के बाद जालंधर के फोकल प्वाइंट औद्योगिक क्षेत्र की कई सड़कें जलमग्न हो गई हैं। वहीं, लंबा पिंड से फोकल प्वाइंट तक की सर्विस लेन पर कीचड़ जमा होने से रास्ता खतरनाक हो गया है। हालात ऐसे हैं कि इस मार्ग पर ट्रक तक पलटने की घटनाएं सामने आ रही हैं।
लंबा पिंड चौक से होशियारपुर जाने वाले मार्ग पर फ्लाईओवर के पास बारिश से क्षतिग्रस्त सड़क पर एक ट्रक पलट गया। बाद में क्रेन की मदद से ट्रक को सीधा कर यातायात बहाल किया गया। वहीं, होशियारपुर में मूसलाधार बारिश के दौरान एक खड्ड पार कर रहा ट्रैक्टर-ट्रॉली तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया।
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें ट्रैक्टर-ट्रॉली पानी में डूबती दिखाई दे रही है। हालांकि, ट्रैक्टर पर सवार सभी लोग किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे और उनकी जान बच गई।
बरसात के बाद जालंधर के हालात, PHOTOS
मलसियां के पास बना नया पुल टूट गया।
जालंधर फोकल पाइंट रोड पर पानी में फंसा ट्रक।
बारिश के बाद जालंधर के फोकल पाइंट रोड के हालात।
लंबा पिंड से फोकल पाइंट की सर्विस लेने कीचड़ में बदली
बारिश के बाद नगर निगम की जल निकासी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। शहर के कई इलाकों में अब भी पानी जमा है। निकासी की रफ्तार बेहद धीमी है। प्रदेश की औद्योगिक गतिविधियों की अहम कड़ी माने जाने वाले फोकल प्वाइंट क्षेत्र की सड़कों से 24 घंटे बाद भी पानी नहीं निकल पाया है।
लंबा पिंड चौक से फोकल प्वाइंट तक की सर्विस लेन पर कीचड़ और बारिश का पानी जमा है, जबकि कई स्थानों पर सड़क धंस चुकी है। पानी भरे होने के कारण क्षतिग्रस्त हिस्सों का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे माल लोडिंग और अनलोडिंग के लिए आने-जाने वाले ट्रक अक्सर हादसों का शिकार होकर पलट रहे हैं।