राहुल की जिद के आगे झुकी दिल्ली पुलिस, पेलेट गन मामले में 31 दिन बाद दर्ज हो रही FIR
Punjab News Live -PNL
August 21, 2026
चंडीगढ़, ताजा खबर, देश विदेश, पंजाब
दिल्ली , (PNL) : दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस नेता और सांसद राहुल गांधी की मांग मान ली है और पेलेट गन के मामले में FIR दर्ज कर रही है. राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कांग्रेस के नेता पीड़ित लोचब को लेकर संसद मार्ग थाने में धरने पर बैठे हैं. दिल्ली पुलिस शिकायतकर्ता की शिकायत पर FIR दर्ज कर रही है. यह FIR घटना के 31 दिन के बाद दर्ज की जा रही है.
लोचब और उनकी मां राहुल गांधी के साथ रहे, जबकि कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा, पार्टी महासचिव जयराम रमेश और दूसरे सीनियर नेता विरोध में शामिल हुए.
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि पुलिस अधिकारियों ने उनसे कहा कि FIR दर्ज नहीं की जा सकती, क्योंकि “ऊपर से ऑर्डर” हैं. उन्होंने कहा कि मांग सिर्फ केस दर्ज करने और जांच करने वाले अधिकारी का नाम बताने की थी. गांधी ने रिपोर्टरों से कहा, “जब तक FIR दर्ज नहीं हो जाती, हम यहां से नहीं हटेंगे.”
राहुल ने पहले भी की थी शिकायत, नहीं दर्ज हुई थी FIR
उन्होंने कहा कि हमारी एकमात्र मांग FIR और जांच अधिकारी का नाम है. हम केवल इस परिवार के लिए न्याय मांग रहे हैं. NEET पेपर लीक और कथित परीक्षा में गड़बड़ी को लेकर 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान लोचब की आंख और पेट में पेलेट से चोटें आईं. बाद में AIIMS ट्रॉमा सेंटर में उनकी सर्जरी हुई. गांधी ने लोचब के मेडिकल रिकॉर्ड का हवाला देते हुए दिल्ली पुलिस के इस बयान पर सवाल उठाया कि उसके कर्मियों ने पेलेट गन का इस्तेमाल नहीं किया था.
उन्होंने कहा कि उसकी आंख में तीन पेलेट मिले. यह अस्पताल की रिपोर्ट है जिसमें यह साफ लिखा है. दिल्ली पुलिस ने कहा कि उन्होंने पेलेट गन का इस्तेमाल नहीं किया, लेकिन किसी ने जरूर पेलेट गन का इस्तेमाल किया होगा. क्राइम इसलिए हुआ क्योंकि उसके शरीर पर पेलेट थे.”
गांधी के लोचब के साथ पुलिस स्टेशन जाने से पहले शिकायत कई दिनों से पेंडिंग थी. सूत्रों ने कहा कि लोचब 14 अगस्त को अपने वकीलों के साथ पुलिस के पास गया और एक लिखित शिकायत दी, लेकिन कोई FIR दर्ज नहीं की गई. उन्होंने कहा कि 17 अगस्त को ईमेल और फोन के जरिए मामले को फिर से आगे बढ़ाया गया, लेकिन पुलिस की तरफ से कोई जवाब नहीं आया. उसके बाद गुरुवार को राहुल गांधी सीधे थाने पहुंच गये और धरने पर बैठ गये. उसके बाद पुलिस को झुकना पड़ा और FIR दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू हो गयी है.