पंजाब में दोस्तों ने 12वीं के छात्र को भाखड़ा नहर में फेंककर मार डाला! तीसरे दोस्त ने वीडियो कॉल पर दिखाया डूबता हुआ छात्र
Punjab News Live -PNL
October 26, 2026
ताजा खबर, पंजाब, पटियाला, होम
नाभा, (PNL) : पंजाब में भाखड़ा नहर में डूबने से 12वीं कक्षा के एक छात्र की मौत का मामला सामने आया है। मृतक के पिता ने उसके दो दोस्तों पर उसे कथित तौर पर नहर में धक्का देने का आरोप लगाया है। वहीं, तीसरे दोस्त पर वीडियो कॉल के जरिए छात्र के डूबने का घटनाक्रम दिखाने का आरोप है। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान 17 वर्षीय दिव्यांश अरोड़ा उर्फ अंश के रूप में हुई है। वह पटियाला के शीतल कॉलोनी, हीरा महल क्षेत्र का निवासी बताया गया है। परिजनों के मुताबिक, दिव्यांश 21 अक्टूबर को रोजाना की तरह स्कूल जाने के लिए घर से निकला था। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 11:30 बजे उसके एक दोस्त ने फोन कर जानकारी दी कि स्कूल के दो लड़के उसे बाइक पर बैठाकर पटियाला-नाभा रोड स्थित भाखड़ा नहर के पास ले गए हैं, जहां वह डूब गया।
पिता ने दोस्तों पर लगाए गंभीर आरोप
दिव्यांश के पिता मोहित कुमार ने आरोप लगाया कि उनके बेटे को उसके दोस्तों ने कथित तौर पर नहर में फेंक दिया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घटना के दौरान तीसरे दोस्त ने वीडियो कॉल करके दिव्यांश के डूबने का दृश्य दिखाया। परिवार का कहना है कि दिव्यांश को बचाने के बजाय उसके साथ मौजूद लड़कों ने कथित तौर पर उसे डूबता हुआ दिखाया। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
नहर से बरामद हुआ शव
पुलिस के अनुसार, दिव्यांश का शव 24 अक्टूबर को खनौरी हेड से बरामद किया गया था। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। थाना कोतवाली नाभा के प्रभारी गुरविंदर सिंह ने बताया कि मामले में तीन दोस्तों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ और मामले से जुड़े सभी तथ्यों की पड़ताल कर रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियों और आरोपियों की भूमिका के बारे में स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।