अमृतसर में करोड़ों की हेरोइन पकड़ी, 7 तस्कर अरेस्ट:14 नई पिस्तौल-20 किलो नशा मिला; विदेश में बैठे हैंडलर से जुड़ा कनेक्शन
Punjab News Live -PNL
October 27, 2026
अमृतसर, ताजा खबर, पंजाब
अमृतसर , (PNL) : अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने अवैध हथियारों और नशा तस्करी से जुड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 14 नई पिस्तौल और 20 किलो हेरोइन बरामद की है। शुरुआती जांच में इस नेटवर्क के विदेश में बैठे एक हैंडलर से जुड़े होने की बात सामने आई है। बरामद हेरोइन की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करोड़ों रुपए आंकी गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी विदेशी हैंडलर के संपर्क में थे। आरोप है कि वह संगठित नेटवर्क के जरिए अवैध हथियारों का सामान मंगवाता था और उसे आगे अपराधियों तक पहुंचाता था। पुलिस अब इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों और हथियारों व नशे की सप्लाई से जुड़े संपर्कों का पता लगाने में जुटी है।
इस मामले में थाना घरिंडा और थाना कत्थूनंगल में केस दर्ज किए गए हैं। पुलिस बरामद हथियारों और हेरोइन के स्रोत का पता लगाने के साथ यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों के तार किन अन्य तस्करों और आपराधिक गिरोहों से जुड़े हैं। पंजाब पुलिस के मुताबिक, राज्य में अवैध हथियारों की तस्करी, नशे के कारोबार और संगठित अपराध पर अंकुश लगाने के लिए अभियान जारी है। जांच के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।