मोहाली में पार्क में मिली सिर कटी लाश:सुबह सैर करने पहुंचे लोगों ने देखी; पुलिस बोली- हत्या की गई
Punjab News Live -PNL
October 8, 2026
चंडीगढ़, ताजा खबर, पंजाब
मोहाली , (PNL) : मोहाली के जीरकपुर स्थित पीरमुछल्ला नेचर पार्क में गुरुवार सुबह गर्दन कटी लाश मिली। पार्क में सुबह के वक्त जब लोग सैर करने पहुंचे, तो उन्होंने जमीन पर लाश पड़ी देखी। इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने लाश को कब्जे में लिया है। उसकी हालत देखकर पुलिस ने हत्या की आशंका जताई है। हालांकि अभी यह पता नहीं चल पाया है कि लाश पुरुष की है या महिला की। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या पार्क में ही की गई या कहीं और से लाकर यहां फेंका गया।
पार्क के मुख्य गेट पर ताला नहीं लगा था
पुलिस को घटना की जानकारी सुबह करीब 9 बजे मिली। सैर के लिए पार्क पहुंचे किसी व्यक्ति ने पुलिस को फोन किया। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आसपास का क्षेत्र घेर लिया और जांच शुरू की। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। नेचर पार्क के मुख्य गेट पर ताला नहीं लगा था।
हरियाणा और पंचकूला की तरफ से आने के रास्ते
नेचर पार्क में हरियाणा की तरफ से आने का रास्ता है। पंचकूला की तरफ से भी पार्क में पहुंचा जा सकता है। पुलिस दोनों तरफ से पार्क में आने-जाने वाले रास्तों और आसपास की गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है।
हत्या पार्क में हुई या लाश को यहां लाया गया
पुलिस के सामने मृतक की पहचान और शव के पार्क तक पहुंचने का सवाल है। जांच की जा रही है कि हत्या पार्क में ही की गई या किसी दूसरी जगह वारदात के बाद लाश को यहां लाकर फेंका गया। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस मृतक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। फोरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण और घटना की परिस्थितियां स्पष्ट होंगी। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि गर्दन किस तरह काटी गई और घटना के पीछे क्या कारण था।