अमृतसर में कांग्रेस के जिला प्रधान पर FIR दर्ज, अपनी ही पार्टी की महिला नेता ने लगाए ये गंभीर आरोप, पढ़ें
Punjab News Live -PNL
October 4, 2026
अमृतसर, ताजा खबर, पंजाब, होम
अमृतसर, (PNL) : अमृतसर में कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान के बीच जिला कांग्रेस कमेटी (शहरी) के प्रधान सौरभ मदान उर्फ मिट्ठू की मुश्किलें बढ़ गई हैं। थाना मकबूलपुरा पुलिस ने पंजाब PCC डेलीगेट शिवानी शर्मा की शिकायत पर उनके खिलाफ FIR दर्ज की है। शिवानी शर्मा ने सौरभ मदान पर घर पहुंचकर बदसलूकी, गाली-गलौज और धक्का देने समेत कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
पुलिस को दी शिकायत में शिवानी शर्मा ने बताया कि 3 अक्टूबर को दोपहर करीब 12 बजे सौरभ मदान अपने गनमैन और ड्राइवर के साथ न्यू अमृतसर स्थित उनके घर पहुंचे थे। आरोप है कि बातचीत के दौरान मदान ने उनके साथ कथित तौर पर गाली-गलौज और बदसलूकी शुरू कर दी।
शिवानी के मुताबिक, उन्होंने इसका विरोध करते हुए सौरभ मदान को घर से जाने के लिए कहा। इसी दौरान कथित तौर पर उन्हें धक्का दिया गया, जिससे वह पीछे गिर गईं। शिकायत में घर के बाहर रखे गमले तोड़ने और वहां काम करने वाली महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार करने के भी आरोप लगाए गए हैं।
हालांकि, शिवानी शर्मा ने यह भी स्पष्ट किया कि सौरभ मदान के साथ आए गनमैन और ड्राइवर ने उनके परिवार के किसी सदस्य के साथ कोई गलत व्यवहार नहीं किया।
मदान ने आरोपों से किया इनकार
दूसरी तरफ सौरभ मदान ने शिवानी शर्मा की ओर से लगाए गए सभी आरोपों को गलत और बेबुनियाद बताया है। उनका कहना है कि वह शिवानी शर्मा के घर गए थे, लेकिन घर के अंदर नहीं गए। उन्होंने गमले तोड़ने के आरोप को भी पूरी तरह झूठा बताया।
सौरभ मदान ने दावा किया कि शिवानी शर्मा के साथ उनका कोई व्यक्तिगत झगड़ा नहीं है, बल्कि दोनों के बीच करीब 12 लाख रुपये का लेन-देन है। मदान के अनुसार, उन्होंने यह रकम शिवानी शर्मा के परिवार के एक सदस्य को विदेश भेजने के लिए दी थी और इस लेन-देन से संबंधित रिकॉर्ड भी उनके पास मौजूद है।
फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। दोनों पक्षों की ओर से सामने आए अलग-अलग दावों के बीच पुलिस मामले की जांच कर रही है।