बड़ी खबर : पंजाब में BJP-SAD का गठबंधन पहुंचा फाइनल स्टेज पर, इस एजेंसी ने किया बड़ा दावा, पढ़ें
Punjab News Live -PNL
August 25, 2026
चंडीगढ़, ताजा खबर, पंजाब, होम
चंडीगढ़, (PNL) : पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल बादल के बीच गठबंधन दोबारा होने की चर्चाएं तेज हो गई हैं। न्यूज एजेंसी ANI ने दावा किया है कि दोनों दल गठबंधन को अंतिम रूप देने के चरण में हैं और इस बार BJP गठबंधन में सीनियर पार्टनर की भूमिका में आ सकती है।
सूत्रों के अनुसार, दोनों पूर्व सहयोगी दलों के बीच सीट शेयरिंग को लेकर बातचीत काफी आगे बढ़ चुकी है। इसका एक बड़ा संकेत यह है कि शिरोमणि अकाली दल ने कथित तौर पर अपने नेताओं को ग्रामीण क्षेत्रों की सीटों पर तैयारी नहीं करने की सलाह दी है।
वहीं, BJP ने पंजाब में अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। BJP के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष के हालिया पंजाब दौरे के दौरान उन्होंने पार्टी नेताओं को राज्य की सभी 117 विधानसभा सीटों पर तैयारी करने के निर्देश दिए। हालांकि, सूत्रों के मुताबिक बीएल संतोष ने अकाली दल के साथ गठबंधन की संभावना को खारिज नहीं किया है।
BJP का सभी 117 सीटों पर तैयारी करना और अकाली दल का ग्रामीण क्षेत्रों में अपनी तैयारियां सीमित करना, दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर अटकलों को और मजबूत कर रहा है। माना जा रहा है कि BJP इस बार गठबंधन में पहले से ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ने की कोशिश कर रही है। BJP और SAD पंजाब में लंबे समय से सहयोगी रहे हैं। दोनों दलों ने 2020 में कृषि कानूनों के मुद्दे पर गठबंधन तोड़ लिया था। ये कृषि कानून बाद में वापस ले लिए गए।