जालंधर पुलिस ने बदमाश का एनकाउंटर किया:3 राउंड गोलियां चलीं, एक टांग में लगी; डोनी बल गैंग का सदस्य आरोपी
Punjab News Live -PNL
September 12, 2026
जालंधर, ताजा खबर, पंजाब
जालंधर , (PNL) : जालंधर पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान टांग में गोली मारकर बदमाश को पकड़ा है। आरोपी को किसी वारदात में शिनाख्त के लिए लाया गया था, जिस दौरान उसने भागने की कोशिश की। मुठभेड़ के दौरान कुल 3 गोलियां चलीं। मौके से गोली का खोल भी बरामद हुआ है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पिस्तौल भी बरामद की है।
आरोपी की पहचान सुखजिंदर उर्फ प्रिंस निवासी तरनतारन के रूप में बताई है। आरोपी गैंगस्टर डोनी बल गैंग का सदस्य है। जांच में सामने आया है कि आरोपी किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। उसे कैमरों की फुटेज के आधार पर गिरफ्तार किया गया था।
मौके पर जांच करते हुए पुलिस।
रिकवरी के लिए लेकर आई थी पुलिस आरोपी से पूछताछ के बाद शनिवार सुबह करीब 8 बजे पुलिस उसे हथियार की रिकवरी के लिए जमशेरपुर स्थित डेयरी कॉम्प्लेक्स के पास लेकर आई थी। इसी दौरान आरोपी ने पुलिस को चकमा देकर भागने की कोशिश की। पुलिस ने दावा किया कि आरोपी ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद पुलिस की ओर से भी जवाबी फायरिंग की गई। मुठभेड़ में आरोपी की टांग में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। उसे इलाज के लिए सिविल अस्पताल जालंधर में भर्ती करवाया गया।
सीपी सतिंदर सिंह ने क्या बताया 3 पाइंट में जाने
-
दो आरोपी गिरफ्तार किए हैं- जालंधर सीपी सतिंदर सिंह ने बताया कि एक इलाके में पिछले शनिवार हुई वारदात के प्रयास के मामले को टीम ने सुलझा लिया है। इस मामले में काका कंडियाला गांव के दो आरोपियों सहजदीप और सुखजिंदर सिंह को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से इस पूरी योजना को बेनकाब किया गया।
-
आत्मरक्षा में पुलिस ने चलाई गोली- वारदात के बाद आरोपी सुखजिंदर सिंह ने अपना हथियार एक स्थान पर छिपा दिया था। जब पुलिस टीम उसे हथियार बरामदगी के लिए मौके पर लेकर गई, तो उसने पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की। पुलिस की ओर से आत्मरक्षा में चलाई गई गोली लगने से आरोपी सुखजिंदर घायल हो गया।
-
एक आरोपी की मां को भी किया अरेस्ट- इस पूरी साजिश की योजना में जशनप्रीत नामक तीसरा आरोपी भी शामिल था, जो मौके पर नहीं आया था। पुलिस जांच और तकनीकी साक्ष्यों से स्पष्ट हुआ है कि जशनप्रीत की मां को भी इस अपराध की पूरी जानकारी थी। इसके आधार पर पुलिस ने उसकी मां को भी गिरफ्तार कर लिया है।